– पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज गुलाबी नगर में हो सकती है बारिश
जयपुर। राजधानी जयपुर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। आज सवेरे गुलाबी नगर में धूप खिली। सूर्य देव ने दर्शन दिए, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने आज से तीन दिन तक जयुपर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। बारिश का यह दौर प्रदेश के चार संभागों में चलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक तंत्र बनने से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज राजधानी जयपुर में तापमान 13 डिग्री सेल्सियसरेकॉर्ड किया। हालांकि सर्दी का जोर कम रहने से लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं बारिश होने के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलेगा और हल्की सर्दी का जोर फिर से बढ़ने की उम्मीद है।
चार संभागों में बारिश की संभावना
मौसम केन्द्र जयपुर ने आज से से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और उसके प्रभाव से आज और कल राज्य के कुछ हिस्सों में मेघगर्जना के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, इसके प्रभाव से जयपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के अलावा भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
चल रही ठंडी हवाएं
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई शहरों में दोपहर बाद हल्के बादल छाए। जयपुर, सीकर, अलवर में मौसम के बदलाव से यहां दोपहर बाद हल्की ठंडी हवा चली और ठंडक बढ़ गई। सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। धौलपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस, डूंगरपुर में 28, उदयपुर में 27, भीलवाड़ा में 27, अजमेर में 26 और कोटा में 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
कल भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, सीकर, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, सिरोही, जालोर, करौली, फतेहपुर, अलवर समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया। कल सबसे कम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस माउंट आबू में दर्ज हुआ।