कोटपूतली. सड़क सुरक्षा माह के तहत पुलिस प्रशासन ने एक अनोखा जागरूकता अभियान चलाकर शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। ‘परवाह’ थीम के तहत आयोजित इस अभियान में पुलिस ने मुख्य चौराहे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चालान काटने की जगह गुलाब के फूल भेंट किए और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
जागरूकता से बचेगी जान
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र बुरडक़ ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने की आदत नागरिकों को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाती है। दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता सबसे जरूरी है।
यातायात संकेतों का पालन करने की अपील
यातायात प्रभारी रामकिशोर शर्मा ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का पालन करवाना ही नहीं है बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। अभियान के तहत सैकड़ों वाहन चालकों को गुलाब के फूल भेंट कर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई।
सुरक्षा के लिए जरूरी है नियमों की परवाह
पुलिस प्रशासन ने यह संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन न केवल चालान से बचाता है बल्कि जीवन को भी सुरक्षित बनाता है। इस तरह के प्रयास सडक़ दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
आमजन में सकारात्मक प्रभाव
अभियान को लेकर वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। गुलाब के फूलों के साथ दिया गया संदेश एक अनूठा प्रयास है जो न केवल जागरूकता फैलाता है बल्कि पुलिस और आमजन के बीच प्रेम और विश्वास को भी बढ़ाता है। सडक़ सुरक्षा की दिशा में ‘परवाह’ की यह थीम हर नागरिक को सुरक्षा के प्रति सजग और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित कर रही है।