जयपुर। क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, उन्होंने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एनकाउंटर के लिए 1 करोड़ रुपए के इनाम की घोषणा कर दी है। उन्होंने एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी को 1 करोड़ 11 लाख 11 हजार 1 सौ 11 रुपए का इनाम देने की बात कही है। उन्हें वीडियो में बोलते हुए सुना जा रहा है कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या लॉरेंस बिश्नोई के जरिए कराई गई थी। बिश्नोई फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है।
क्षत्रिय करणी सेना के एक्स हैंडल पर उनका वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें वह कह रहे हैं, ‘मुझे सिर्फ इतना पता है कि हमारी धरोहर परम आदरणीय अमर शहीद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या लॉरेंस बिश्नोई के द्वारा कराई गई थी, जो पुलिसकर्मी लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर करेगा। उस पुलिसकर्मी को 1 करोड़ 11 लाख 11 हजार 1 सौ 11 रुपए का पुरस्कार करणी सेना के तरफ से दिया जाएगा। हमें और देशवासियों को भयभीत नहीं, भयमुक्त भारतवर्ष की जरूरत है।’ बता दें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एनकाउंटर का ऑफर राज शेखावत ने ऐसे समय पर दिया है जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हाल ही में एनसीपी के दिग्गज नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली, जिनकी 12 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं सलमान खान को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कई बार धमकी दी जाती है। अब राज शेखावत ने लॉरेंस बिश्नोई के ही एनकाउंटर का ऑफर दे दिया।