Weather Update Rajasthan पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान राजस्थान के कई इलाकों को कल से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने कल से यानि 17 सितंबर से राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
राजस्थान में श्रीगंगानगर का रहा सबसे अधिक तापमान
गर्मी और तापमान पर नजर डालें तो मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में बीते दिन श्रीगंगानगर का तापमान प्रदेश में सबसे अधिक रहा। यहां मैक्सिमम टेंप्रेचर 38 को भी क्रॉस कर 38.4 पर जा पहुंचा। बीते दिन यहां अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आई लेकिन इसके बाद फिर तापमान और बढ़ गया। वहीं प्रदेश के अन्य स्थानों के अधिकतम तापमान की बात करें तो चूरू 36.9 अलवर 36.6, पिलानी 36.5, संगरिया 36.4 और बीकानेर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें यानि रात का तापमान प्रदेश में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान संगरिया का रहा। यहां मिनिमम टेंप्रेचर 27.5 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया।
सबसे कम तापमान सिरोही का
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में आगामी एक सप्ताह मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना जताई है यानि प्रदेश के इस हिस्से में इस दौरान बारिश की कहीं कोई उम्मीद नहीं है। वहीं पूर्वी राजस्थान को लेकर आए मौसम विभाग के अलर्ट में आने वाले 1-2 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
17 सितंबर से दक्षिण पूर्वी राजस्थान में बारिश
वहीं 17 सितंबर से दक्षिण पूर्वी राजस्थान में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 और 21 सितंबर को कोटा,उदयपुर, भरतपुर,अजमेर और जोधपुर संभागों में कहीं कहीं बरसात होने की प्रबल संभावना है। जयपुर में 21 सितंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 35-36 के मध्य रहने और न्यूनतम तापमान 25 से 27 आसपास बना रहने की संभावना है।
Weather Update Rajasthan