
जयपुर .
राजधानी जयपुर के शास्त्री नगर में 85 वर्षीय महिला के जीका वायरस पॉजिटिव होने के बाद जयपुर से लेकर दिल्ली तक खलबली मच गई है। वायरस की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सात विशेषज्ञों की टीम जयपुर पहुंची और शास्त्री नगर क्षेत्र का दौरा किया। टीम अपनी रिपोर्ट कल केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंपेगी।
वहीं विभाग ने जहां पहले शास्त्री नगर में घर घर सर्वे के लिए 20 टीमें लगाई थी वहीं मंगलवार को इन टीमों की संख्या 50 कर दी गई। अभी तक घर घर सर्वे में क्षेत्र में 80 लोग बुखार से पीड़ित मिले है। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक शास्त्री नगर क्षेत्र में 2500 घरों का सर्वे किया है। वहीं चार गर्भवती महिलाओं के खून की जांच के लिए सैंपल एसएमएस मेडिकल कॉलेज में भेजे हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जीका वायरस के साथ ही अब स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने लगे है। हाल ही में नागौर में स्वाइन फ्लू से एक मौत होने का मामला सामने आया है। अभी तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू से 157 मौत हो चुकी हैं।