
नकली व मिलावटी घी की सूचना पर जयपुर से पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार की देर रात तक कार्रवाई कर 14 हजार किलो मिलावटी घी व तेल जब्त कर कुल 13 सैम्पल लिए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया गया है। गौरतलब है कि पोकरण में नकली घी बनाने और बेचने की शिकायत मिलने पर आयुक्तालय जयपुर से अतिरिक्त आयुक्त भगवतसिंह के नेतृत्व में विशेष सैंट्रल टीम के जयपुर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, देवेंद्रसिंह राणावत, लोकेश शर्मा, जैसलमेर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम यहां पहुंचे। उन्होंने तिरुपतिनगर कॉलोनी के पास स्थित एक गोदाम और मुख्य चौराहे से जैसलमेर रोड पर एक दुकान में दबिश दी।
बनाया जा रहा था नकली घी-तेल, किया जब्त
टीम की ओर से स्थानीय निवासी योगेश टावरी के तिरुपतिनगर कॉलोनी में स्थित गोदाम में दबिश दी गई। गोदाम में बड़े पैमाने पर नकली घी व तेल का निर्माण होना एवं पैकिंग किया जाना पाया गया। यहां मिलावटी घी व तेल के 5 नमूने लिए गए। साथ ही 10260 किलो मिलावटी घी, पाम ऑयल, सोयाबीन तेल, वनस्पति जब्त किया गया। इसी प्रकार मुख्य चौराहे के पास जैसलमेर रोड पर स्थित दुकान पर दबिश दी गई। यहां विभिन्न ब्रांड के मिलावटी घी के 8 नमूने लिए गए। साथ ही 4 हजार किलो मिलावटी घी जब्त किया गया। नमूनों को जांच के लिए जयपुर प्रयोगशाला भिजवाया गया है। जिनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
… तो क्या बन रहा था नकली घी व तेल
कस्बे में पहली बार वृहद स्तर पर मिलावटी घी व तेल को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोदाम व दुकान में विभिन्न बड़े ब्रांडों के खाली टीन भी मिले है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इन ब्रांड के नाम की आड़ में नकली व मिलावटी घी एवं तेल बाजार में आपूर्ति हो रहा था, जो लोगों के स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़ है।