
लाठी क्षेत्र के खेतोलाई गांव में एक ऊंट पालक के बाड़े में चार राज्य पशु ऊंटों की अचानक मौत हो गई। एक साथ चार ऊंटों की मौत से क्षेत्र के ऊंट पालकों में हड़कंप मच गया। ऊंटों की मौत से पालक को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर मुआवजा देने की मांग की है। खेतोलाई गांव के ऊंट पालक संजय बिश्नोई पुत्र सुखराम बिश्नोई ने बताया कि उनके पास 150 से अधिक ऊंट हैं। वे प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी ऊंटों के झुंड को गांव के पास स्थित जंगल में चराने के लिए ले गए थे। शाम को सभी ऊंट वापस बाड़े में लौट आए थे। देर शाम जब वह ऊंटों की देखरेख के लिए बाड़े में पहुंचे तो चार ऊंट मृत अवस्था में पड़े मिले, जबकि तीन से चार ऊंट घायल अवस्था में तड़प रहे थे। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पशु चिकित्साधिकारी को दी गई। सूचना पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और घायल ऊंटों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि ऊंटों की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पशु पालक ने मृत ऊंटों का पोस्टमॉर्टम करवा कर जांच कराने की मांग की है। ग्रामीण पंकज बिश्नोई ने बताया कि इससे पहले भी पिछले वर्ष संजय बिश्नोई के एक दर्जन से अधिक ऊंट अज्ञात कारणों से मृत पाए गए थे। अब फिर चार ऊंटों की अचानक मौत से पशु पालक को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा देने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।