
जैसलमेर स्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में एक पद और दो अधिकारी वाली स्थिति अब समाप्त हो गई है। राज्य सरकार ने न्यायालय के स्टे के आधार पर सीएमएचओ के पद पर काम कर रहे डॉ. बीएल बुनकर का यहां से बाड़मेर स्थानांतरण कर दिया और डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल अब एकमात्र सीएमएचओ बन गए हैं। उन्होंने गुरुवार को सीएमएचओ का कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर विभागीय अधिकारियों व कार्मिकों ने उनका अभिनंदन किया। गौरतलब है कि प्रदेश में नई सरकार गठित होने के बाद करीब 6 महीने पहले डॉ. पालीवाल को डॉ. बुनकर के स्थान पर सीएमएचओ पद पर पदस्थापित किया। जानकारी के अनुसार सरकार के इस आदेश के खिलाफ डॉ. बुनकर तब न्यायालय से स्टे ऑर्डर ले आए और बाद में वही सीएमएचओ बने रहे। हालांकि डेडानसर मार्ग स्थित कार्यालय में सीएमएचओ के कक्ष पर डॉ. पालीवाल बने रहे। डॉ. बुनकर तब दूसरे कक्ष में बैठ कर काम करते रहे। गत बुधवार शाम को सरकार ने एक आदेश जारी कर डॉ. बुनकर का तबादला यहां से बाड़मेर कर दिया और ऐसे में जिले में चिकित्सा व स्वास्थ्य महकमे की कमान डॉ. पालीवाल के हाथ में आ गई है।