
जैसलमेर जिले में राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा- 2024 के दौरान गुरुवार को परीक्षार्थियों में खुशी व मायूसी का मिलाजुला माहौल देखने को मिला। इस दौरान दोनों पारियों में मिलाकर पंजीकृत 5913 परीक्षार्थियों में से 5523 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 390 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल उपस्थिति प्रतिशत 93.4 प्रतिशत रहा। स्वर्णनगरी में सुबह 6 बजे से ही जैसलमेर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौकों पर रीट-2024 के अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। कई परीक्षार्थी रात भर बस स्टैंड और धर्मशालाओं में ठहरे, तो कुछ साथ लाए चार पहिया वाहनों में ही सो गए। चाय की होटल और ढाबों पर परीक्षा को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा था। पोकरण से आए गोविन्द ने कहा कि पूरा साल तैयारी में निकाल दिया, अब बस पेपर अच्छा जाए।