जोधपुर. शहर में मंगलवार को दिनभर उमस के बाद शाम को मौसम पलटा। शाम साढ़े पांच बजे करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आई। पीछे-पीछे आए बादलों ने बरसकर मौसम सुहाना कर दिया। पावटा, सोजती गेट, भीतरी शहर को छोड़कर जालोरी गेट से आगे मूसलाधार बारिश हुई। करीब डेढ़ घंटे तक जमकर मेघ बरसे। तेज बारिश के कारण शहर में कई जगह बाळा आ गया। प्रतापनगर नेशनल हैंडलूम के सामने पानी की जैसे नदी चल पड़ी। दफ्तरों से घर लौट रहे लोग बारिश में फंस गए। पानी अधिक भरा होने से दुपहिया वाहन बंद हो गए। करीब 7.30 बजे तक बारिश हुई। शहर में मानसून को अभी करीब एक महीना बाकी है।
सूर्यनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री रहा। सुबह से मौसम में नमी अधिक होने से उमस व्याप्त हो गई। दिन चढ़ने के साथ उमस का असर बढ़ने लगा। दोपहर होते होते पारा 39.4 डिग्री पर आ गया। शाम साढे पांच बजे मौसम में बदलाव आया। आंधी से आसमां में धूल का गुबार छा गया लेकिन कुछ ही देर में बारिश शुरू होने से लोगों को उमस भरी गर्मी और धूल कणों से निजात मिली।
चौहाबो, शास्त्रीनगर, प्रतापनगर, मंडोर में मूसलाधार
शाम साढ़े बजे जालोरी गेट आगे तेज बारिश शुरू हुई। कुछ ही देर में यह मूसलाधार में बदल गई। देखते ही देखते पनाळे चलने लगी। सड़कों पर बाळा आ गया। ऐसा लग रहा था मानसून के मेघ बरस रहे हैं। सड़कों पर पानी का रेला आ गया। तेज बारिश के कारण लाेगों को शरण तलाशनी पड़ी। करीब एक घंटे तक लोग जहां थे, वहीं फंस गए। मंडोर इलाके में आधे घंटे तक तेज बारिश हुई।