अकलेरा. संभाग में निकाली जा रही भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा ने मंगलवार शाम को अकलेरा से झालावाड़ जिले में प्रवेश किया। कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में सांसद दुष्यंत सिंह, मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन आदि शामिल रहे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पहले दिन यात्रा में शामिल नहीं हुई। यात्रा बुधवार को झालावाड़ जिले में रहेगी। सुबह नौ बजे झालरापाटन में रोड शो के बाद यह यात्रा कपास्या कुंआ, सिंघानिया, भिलवाड़ा होते हुए डग विधानसभा क्षेत्र के पीपलिया चौराहे पर पहुंचेंगी। यहां दोपहर करीब 12 बजे जनसभा को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संबोधित करेंगे। धामी सड़क मार्ग से झालावाड़ पहुंचेंगे।
इस अवसर पर सांसद दुष्यन्त सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रदेश में यह रथयात्रा निकाली जा रही है । राजस्थान की सरकार किसानों के साथ भेदभाव कर रही है। उनका शोषण किया जा रहा है। लोगो को मुफ्त की रेवड़ी बांटी जा रही है । कस्बे में कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन यात्रा का पुष्प वर्षा कर व यात्रा में शामिल नेताओं का पुष्पहार और साफा पहनाकर स्वागत किया। उन्हें कामखेड़ा बालाजी की तस्वीर भेंट की। परिवर्तन यात्रा शाम करीब पौने चार बजे अकलेरा पहुंची। मेला मैदान, गणेश मंदिर, पुराना बस स्टैंड, तीन बत्ती चौराहा, स्वामी विवेकानंद चौराहा, पचोला, घाटोली, गुलखेड़ी होते हुए यात्रा भालता की ओर रवाना हो गई।
विकास के लिए परिवर्तन आवश्यक
भालता। कस्बे में भाजपा की परिवर्तन यात्रा शाम सात बजे पहुंची। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर मंच बनाकर सभा की तैयारियां कर रखी थी, लेकिन परिवर्तन यात्रा के करीब 5 घंटे देरी से पहुंचने के कारण सभा को स्थगित कर दिया। यहां सांसद दुष्यंत सिंह ने यात्रा के रथ से ही संबोधन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में वर्तमान सरकार में रोडवेज बस बंद कर दी। कर्जामाफी के नाम पर किसानों के साथ छलावा हुआ है। परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं। क्षेत्र में विकास के लिए परिवर्तन आवश्यक है।
इंतजार करते रहे कार्यकर्ता
परिवर्तन यात्रा पहुंचने से पूर्व क्षेत्र के कार्यकर्ता घंटों तक इंतजार करते रहे ।आगमन से पहले कार्यकर्ताओं में उत्साह बरकरार रहा। इस दौरान आतिशबाजी होती रही और कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे।
पोस्टर वार रहा
चुनाव टिकट के लिए दावेदारी कर रहे भाजपा नेताओं में यात्रा के दौरान पोस्टर लगाने की होड़ लगी रही। कस्बे के बस स्टैंड आश्रम मार्ग व अकलेरा मार्ग पर भाजपा नेताओं ने जगह-जगह पोस्टर लगा रखे थे। इस दौरान एक गुट के नेता के समर्थन में कई कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे।