
असनावर. थाना क्षेत्र के गांवों में पिछले कुछ महीनों से घरों व खेत खलिहानों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। बड़ौदिया व अन्य गांवों के ग्रामीणों की भीड़ ने सोमवार को बड़ौदिया पंचायत के सरपंच बालचन्द पाटीदार की अगुवाई में पुलिस थाने का घेराव कर करीब डेढ़ घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। जल्द कार्रवाई नहीं होने पर हाइवे जाम की चेतावनी दी।
बड़ौदिया में रविवार रात वेन लेकर चोरी करने आए आधा दर्जन चोर जाग होने पर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वहीं वेन के चालक दीपक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। बड़ौदिया सरपंच बालचन्द पाटीदार ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से खेड़ला, आनंदा, डूंगरगांव, बड़ोदिया, गादिया आदि गांवों में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। चोरों के आतंक के कारण ग्रामीण लोग घर व खेतों में रतजगा कर रहे हैं। बड़ोदिया में पिछले एक पखवाड़े में 8 से 10 घरों में चोरी की वारदातें हो चुकी है। अज्ञात चोर ट्रैक्टर की बैट्री, बाइक, पंखे, ट्यूबवैल की मोटर, लहसुन, प्याज, धनिया, सोयाबीन आदि तैयार फसल एवं कीमती सामान की चोरी कर रहे हैं। पुलिस की उदासीनता के चलते अभी तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है। बड़ोदिया में रविवार रात को करीब डेढ़ बजे गांव वालों ने वेन लेकर चोरी करने आए चोरों में से एक को वेन सहित धर दबोचा। जिसको ग्रामीणों ने रातभर अपनी सुरक्षा में रखने के बाद सुबह वेन सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
अंता विधायक की मौजूदगी में हुई वार्ता
क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से आक्रोशित भीड़ द्वारा पुलिस थाने का घेराव करने की सूचना पाकर अंता से भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा मौके पर पहुंचे। विधायक के साथ हुई वार्ता में थानाधिकारी ने सभी चोरों को 5 दिन के अंदर गिरफ्तार कर अभी तक हुई सभी चोरियों का खुलासा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने घेराव हटा लिया। इस दौरान आज़ाद बाबू पाटीदार बड़ौदिया, कृष्णमुरारी पाटीदार, पूर्व सरपंच रामनारायण पाटीदार, हरि पाटीदार, जगदीश पाटीदार डूंगरगांव, जानकीलाल पाटीदार, पूनमचंद पाटीदार जूनाखेड़ा, दिनेश पाटीदार, श्याम पाटीदार, मनीष पाटीदार, कैलाश पाटीदार आनंदा, बजरंग पाटीदार, बालाराम पाटीदार आदि कई ग्रामीणों की भीड़ मौजूद रही।
आधा दर्जन से अधिक रिपोर्ट लिखी
थाने के घेराव के दौरान ही पिछले दिनों बड़ोदिया, आनंदा व अन्य गांवों में घरख् खेत मे हुई चोरियों की ग्रामीणों ने करीब आधा दर्जन रिपोर्ट दर्ज करवाई। असनावर थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह हाड़ा ने बताया कि रविवार रात को बड़ोदिया में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए काम में ली जा रही वेन के चालक दीपक भील ने उसके साथियों के नाम बताए हैं। जिनमें भरतपुरा गांव निवासी छोटूलाल भील, नानूराम भील, प्रकाश भील, दिनेश भील, गांव करकरा निवासी प्रकाश भील व झालरापाटन की भैरूपुरा बस्ती निवासी कैलाश भील फरार हो गए। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम सभी फरार हुए नामजद चोरों की तलाशी में गहनता से जुटी हुई है।