उदयपुरवाटी कस्बे में ज्वेलर पिता पुत्र पर जानलेवा हमला करके चालीस लाख रुपए की ज्वेलरी लूटने के आरोपियों काे पुलिस ने कस्बे के मुख्य बाजार में पैदल घुमाया। अपराधियों में पुलिस का डर पैदा करने के साथ ही लोगों में पुलिस का विश्वास बनाने के इरादे से आरोपियों को वारदात की तस्दीक के लिए बाजार में पैदल घुमाया गया। गत 19 मार्च की शाम को दुकान से लौट रहे ओमप्रकाश सोनी उर्फ मंगलचंद सोनी व उसके बेटे अनिल सोनी के साथ कार में आए बदमाशों ने जानलेवा हमले करके गहनों से भरा थैला लूट लिया था। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए लूट में शामिल मुख्य आरोपी सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया था। लूट की वारदात के मास्टरमांडझाझड़ निवासी कुलदीप उर्फ केडी, दो हजार रुपए के इनामी झाझड़ निवासी लोकेश सिंह उर्फ लक्की और अजय सिंह उर्फ अज्जू, रैकी करने वाले चिराना निवासी राहुल कुमावत व आरोपियों को वाहन उपलब्ध करवाने व लूट की वारदात में सहयोग करने वाले देवीपुरा निवासी ताराचंद कल्याण, शार्दूल सिंह को बाजार में घुमाया गया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन जिंदाबाद और आरोपियों को कड़ी सजा देने की नारेबाजी शुरू कर दी।