
जोधपुर।
लूनी थाना पुलिस ने सजाड़ा रोड पर पत्थर से सिर कुचलकर ऑटो चालक की हत्या करने के मामले में फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। अब तक दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं और एक अन्य अभी तक पकड़ा नहीं गया है।
थानाधिकारी हुकमसिंह ने बताया कि मूलत: चानणा भाखर हाल केबीबीएच निवासी ऑटो चालक हरीश पुत्र सुरेश पंवार की गत 19 फरवरी की रात हत्या कर दी गई थी। वह भगत की कोठी से अपने ऑटो रिक्शा में मुम्बई निवासी सुनील गुप्ता को बतौर सवारी लेकर सजाड़ा धाम गया था। सजाड़ा रोड पर चोर के संदेह में तीन युवकों ने उसे रुकवाया था। तीनों युवकों को लुटेरे समझकर चालक ने ऑटो भगा दी थी। युवकों ने उसे पकड़कर मारपीट की थी और पत्थर से सिर पर घातक वार कर दिया था। जिससे हरीश की मौत हो गई थी। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा था।
जांच के बाद पुलिस ने तीनों हत्यारों को नामजद किया था। तलाश के बाद गत 21 फरवरी को भवानी सिंह को गिरफ्तार किया गया था। जिसे न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया है। जबकि वारदात के बाद से मलखानसिंह व फरार रमेश भील फरार हो गए थे। तलाश के बाद डांगियावास थानान्तर्गत बिरामी गांव निवासी मलखानसिंह पुत्र कुशालसिंह को गिरफ्तार किया गया। उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन रिमाण्ड लिया गया है।तीसरा आरोपी रमेश भील अभी तक फरार है। जिसकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।