
जोधपुर
बनाड़ थानान्तर्गत डिगाड़ी के विष्णु नगर के मकान में गोलियों से सगी बहन की हत्या (Honor killing) करने का आरोपी हिस्ट्रीशीटर भाई शुक्रवार को दूसरे दिन भी पकड़ में नहीं आ सका। वह झंवर थाने का हिस्ट्रीशीटर व हार्डकोर है और उसके खिलाफ 18 मामले दर्ज हैं। वह आठ साल तक अपराध के प्रति चुप्पी साधे हुए था। पारिवारिक विवाद के चलते आठ साल बाद उसके खिलाफ 19वां मामला दर्ज हुआ है। इस हत्याकाण्ड का सालों पहले बहुचर्चित श्यामलाल जूड (shyamlal jud) हत्याकाण्ड से जुड़ाव भी है।
बहुचर्चित श्याम जूड हत्याकाण्ड से जुड़ाव
पुलिस का कहना है कि हत्या की शिकार निरमा बचपन में फिटकासनी के युवक से विवाह हुआ था। जो उसके भाई श्रवण का ***** भी है। उसने आज तक गौना नहीं किया था। वह कभी अपने ससुराल फिटकासनी नहीं गई थी। ससुराल वाले इसके पीछे श्याम जूड को वजह मानते थे। ससुराल में गांव वाले इसको लेकर उलाहना देते थे।सालों पहले सोची समझी साजिश के तहत श्याम जूड (shyamlal jud) की हत्या कर दी गई थी। वह एक गांव में आयोजित समारोह में भाग लेकर लौट रहा था। तब रास्ते में घात लगाकर बैठे लोगों ने ट्रक से टक्कर मारने के बाद हमला कर श्याम की हत्या कर दी थी। इस हत्याकाण्ड के पीछे निरमा के ससुराल वालों से जुड़े गांव वालों पर हत्या का आरोप लगा था।
मारपीट, जानलेवा हमले व अवैध हथियार के मामले दर्ज
झंवर थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि श्रवण थाने का हार्डकोर व हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 18 मामले दर्ज हैं। इनमें अधिकांश मामले मारपीट, जानलेवा हमले व अवैध हथियार संबंधी है। पुलिस रिकॉर्ड की मानें तो उसके खिलाफ साढ़े सात-आठ साल पहले अंतिम मामला दर्ज हो रखा है।
तलाश में दो टीमें गठित, फिलहाल सुराग नहीं
सहायक पुलिस आयुक्त (मण्डोर) राजेन्द्र प्रसाद दिवाकर ने बताया कि मूलत: जोलियाली गांव हाल चौहाबो में भट्टी की बावड़ी निवासी श्रवण बिश्नोई ने पत्थर की खान अपने नाम करवाने और अन्य सम्पत्ति को लेकर चल रहे विवाद में विष्णु नगर निवासी सगी बहन निरमा बिश्नोई (28) की गुरुवार को गोली मारकर हत्या (Honor killing) की थी। मां मोहिनी देवी ने पुत्र श्रवण के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। आरोपी श्रवण मौके से कार में फरार हो गया था। जो अभी तक पकड़ में नहीं आ सका है। उसको पकड़ने के लिए बनाड़ थानाधिकारी सीताराम खोजा के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गई हैं। जिन्होंने संभावित ठिकानों पर दबिशें दी, लेकिन फिलहाल वह पकड़ में नहीं आया है।