
जोधपुर. शहर का मौसम अंगड़ाई ले रहा है तो कभी मौसम का मिजाज करवट ले रहा है। शहर में रविवार को दोपहर बाद मौसम पलट गया और धूल भरी हवाएं चलने से जनजीवन प्रभावित हो गया। यहां पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दिया।
धूल भरी हवा
मौसम महकमे के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से थार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचारी तंत्र के कारण दोपहर बाद बादलों की आवाजाही के साथ तेज धूल भरी हवा बहने लगी और मौसम पतझड़ जैसा हो गया। सड़क व मुख्य मार्ग पेड़-पौधों से टूटकर गिरी पत्तियों से अट गए। कुछ स्थानों पर छींटे भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बादलों की आवाजाही रहने और पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है।
सूरज छिप गया
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान १८.१ डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह तेज धूप निकल आई, जिससे मौसम सामान्य बना रहा। दोपहर में तापमान ३५.८ डिग्री तक पहुंचा। उसके बाद मौसम में एकाएक बदलाव आना शुरू हो गया। बादलों की आवाजाही से सूरज छिप गया और धूल भरी हवा चलने लगी। देर रात तक एेसा ही मौसम बना रहा। धूल भरी हवा चलने से जनजीवन प्रभावित रहा। ग्रामीण इलाकों में तेज हवा के साथ उड़ी धूल से घर में मिट्टी आ गई। इससे गृहणियों पर अतिरिक्त काम बढ़ गया। दुपहिया वाहन चालकों को गाड़ी चलाने में परेशानी हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बादलों की हल्की आवाजाही रहेगी। जैसलमेर और बाड़मेर में भी मौसम ने पलटी खाई। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान १८.५ व अधिकतम ३१.३ डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का पारा २२.२ व दिन का ३६.१ डिग्री मापा गया।