14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर

Bank Robbery : स्टॉक मार्केट में लाखों डूबे तो भाई-मित्रों संग गैंग बनाई, बैंक लूटे

- हथियार की नोंक पर एसबीआइ में 11.95 लाख रुपए और शराब दुकान में लूट का खुलासा- पाली पुलिस की कार्रवाई : दो भाई सहित चार गिरफ्तार, चार अन्य हिरासत में

Google source verification

जोधपुर।
करवड़ थानान्तर्गत (Police station Karwar) गंगाणी गांव स्थित एसबीआइ (Robbery in SBI Gangani branch) बैंक की शाखा में हथियार की नोंक पर 11.95 लाख रुपए (11.95 Lakh Rs robbery in SBI Gangani branch) व बिलाड़ा थानान्तर्गत मालकोसनी गांव स्थित शराब की दुकान से साठ हजार रुपए लूटने वाले लुटेरों को पाली जिले (Pali) की शिवपुरा थाना पुलिस (Police station Shivpura) ने पकड़ लिया। स्टॉक मार्केट (Stock market) में 7-8 लाख रुपए डूबने और पिता को राशि लौटाने के दबाव में दो भाइयों ने अपने मित्रों के साथ मिल गैंग बनाई थी और फिर जोधपुर, पाली, बाड़मेर व नागौर की बैंक व शराब की दुकानें लूटना शुरू कर दिया था।
पुलिस अधीक्षक (पाली) गगनदीप सिंगला ने बताया कि गत वर्ष 17 नवम्बर को जाडन में एसबीआइ बैंक की शाखा से 3.33 लाख 565 रुपए लूट लिए गए थे। साइबर सैल के हेड कांस्टेबल गौतम और ट्रांसपोर्ट नगर थाने के कांस्टेबल रमेश बंजारा को आनंद नगर निवासी राकेश बिश्नोई व राजेन्द्र नगर विस्तार निवासी सुरेन्द्र जाट पर संदेह हुआ। आर्थिक हालत ठीक न होने व एकदम से महंगी शराब पार्टियां कर ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे थे। बैंक लूट के बाद से राकेश की पावर बाइक भी गायब थी।
थानाधिकारी महेश कुमार गोयल व एसआइ पन्नाराम, हेड कांस्टेबल गौतम आचार्य ने राकेश बिश्नोई और अन्य संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में राकेश ने भावी निवासी प्रकाश जांगू के साथ मिल जाडन की एसबीआइ बैंक में लूट करना कबूल किया।उसने प्रकाश के भाई दिनेश व सुरेश मेघवाल के साथ मिल शराब की दुकानें लूटना भी स्वीकार किया।
इस पर पुलिस ने भावी गांव में दबिशें दी और प्रकाश, भाई दिनेश, सुरेश मेघवाल को भी पकड़ लिया। वहीं, पाली में अलग-अलग जगहों से कुछ और संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया।
जाडन की एसबीआइ में लूट के मामले में भावी निवासी प्रकाश जांगू पुत्र भुण्डाराम जाट और मूलत: पाली जिले में सांवलता कला हाल आनंद नगर निवासी राकेश पुत्र श्रीराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया। भावी निवासी दिनेश पुत्र भुण्डाराम जाट व सुरेश पुत्र अमराराम मेघवाल को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
इनके साथ पाली में राजेन्द्र नगर विस्तार निवासी सुरेन्द्र पुत्र लक्ष्मणराम जाट, पाली निवासी नृसिंह पुत्र भंवरलाल गुर्जर, मूलत: सरदारसमंद हाल पाली में महाराणा प्रताप चौकी निवासी रमेशचन्द्र पुत्र लादूराम सैन, और मूलत: पाली में बाणिया हाल सतगुरु नगर निवासी दिनेश राव पुत्र सुखदेव भाट को हिरासत में लिया गया है।
दो भाइयों ने 14 माह पूर्व लूटे थे 11.95 लाख रुपए
थानाधिकारी महेश गोयल ने बताया कि भावी निवासी दिनेश पुत्र भुण्डाराम जाट और उसके भाई प्रकाश ने 10 नवम्बर 2021 को करवड़ थानान्तर्गत गंगाणी गांव की एसबीआइ शाखा में हथियार की नोंक पर 11.95 लाख रुपए लूटे थे। दोनों ने सिर पर टोपी व मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। प्रकाश, राकेश बिश्नोई व खेजड़ला निवासी रामचरण जाट ने बिलाड़ा थानान्तर्गत मालकोसनी गांव में 27 दिसम्बर 2020 को शराब की दुकान से 50 हजार रुपए लूटना कबूल किया है।
माता-पिता से रुपए लेकर लगाए थे स्टॉक मार्केट में
दिनेश पाली में एक छात्रावास में रहता था। उस दौरान उसने स्टॉक मार्केट में 7-8 लाख रुपए निवेश किए थे। यह राशि माता व पिता से लेकर लगाई गई थी। ट्रेडिंग के दौरान उसे घाटा होने से राशि डूब गई थी। उधर, माता-पिता राशि मांगने लगे थे। उसने अपने भाई प्रकाश को इस बारे में अवगत कराया। प्रकाश ने अपने मित्र सुरेश मेघवाल व राकेश बिश्नोई को साथ लेकर गैंग बनाई थी और बैंक व शराब की दुकानें लूटने की साजिश रची थी। पहली बार लूट करते ही दुस्साहस बढ़ गया था और वे लूटपाट करने लग गए थे।
—————————————————–
5 बैंकों से 22.22 लाख रुपए व सोने की चेन लूटी
4 अक्टूबर 2021 : बाड़मेर जिले के समदड़ी थानान्तर्गत खण्डप में एसबीआइ बैंक से 6 लाख रुपए लूटे।
2021 : नागौर जिले में कुचेरा थानान्तर्गत रूण गांव मरूधरा ग्रामीण बैंक से 93,930 रुपए लूटे थे।
10 नवम्बर 2021 : जोधुपर के करवड़ थानान्तर्गत गंगाणी गांव की एसबीआइ शाखा से 11.95 लाख रुपए लूटे थे।
2021 : अजमेर जिले के जवाजा में यूको बैंक से सोने की एक चैन लूटी थी।
17 नवम्बर 2021 : पाली जिले के जाडन में एसबीआइ शाखा से 3,33,565 रुपए लूटे थे।
—————————————————–
शराब के 5 सेल्समैन से लूटपाट
– पाली के रोहट थानान्तर्गत ओम बन्ना के पास शराब दुकान के सेल्समैन से 50 हजार रुपए लूटे थे। एफआइआर दर्ज नहीं है।
– 27 दिसम्बर 2020 : जोधपुर जिले में बिलाड़ा के मालकोसनी में शराब सेल्समैन से 60 हजार रुपए लूटे।
– 2021 : पाली जिले के सदर थानान्तर्गत रामासिया में शराब दुकान के सेल्समैन से 50 हजार रुपए लूटे थे।
– 2021 : पाली जिले के सदर थानान्तर्गत एनएच-162 पर हाइवे मठ के पास 40 हजार रुपए लूटे।
– 2021 : अजमेर जिले के ब्यावर में चुंगी नाका के पास शराब सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर 70 हजार रुपए लूटे थे।