
हिण्डौनसिटी. कस्बे में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने सभी को झकझोर दिया। बयाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास निजी स्कूल बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार में बेकाबू हुई निजी स्कूल बस पहले बिजली के पोल से टकराई, फिर बाइक को टक्कर मारकर पलट गई। बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौडकर मौके पर पहुंचे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने निढालावस्था में बाइक सवार को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक गांव भुकरावली निवासी भूरीसिंह मीणा (57) पुत्र शंकर मीणा है। जो धंधावली गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूरौठ कस्बे के एक निजी उच्च माध्यमिक विद्यालय की बस समीप के गांव सोमला से छात्रों को स्कूल लेकर आ रही थी। बस में 10-15 विद्यार्थी बैठे। ग्रामीण सडक़ से हिण्डौन- बयाना मार्ग पर आने के साथ ही चालक ने स्कूल बस की रफ्तार तेज कर दी। इस दौराान सामने से से आ रहे बाइक सवार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धंधावली के प्रधानाध्यापक को बचाने के प्रयास में बस बेकाबू हो गई। और बस बाइक को टक्कर मरते हुए सामने सडक़ किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई और पलट गई। बस की तेज गति में टक्कर लगने से बाइक के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। और भूरी सिंह ने सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पोल से बस टकराने की तेज आवाज से आस-पास के घरों से निकल लोग एकत्र हो गए। इस दौरान काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूरौठ थाना के सहायक उपनिरीक्षक मुरारीलाल ने वाहन से मृतक को जिला चिकित्सालय पहुंचवाया। मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. रामनरेश कुंभकार से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
घटना को लेकर शाम तक किसी पक्ष की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। थाना पुलिस ने स्वयं की ओर रपट अंकित का पोस्टमार्टम तथ दुर्घटनाग्रस्त स्कूल बस व बाइक को जब्त करने की कार्रवाई की है। लोगों ने जिला प्रशासन से स्कूल बसों की नियमित जांच और चालकों की जिम्मेदारी तय की मांग की है।
बस पलटी तो रोने लगे बच्चे
ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना के समय बस में 10 से 15 बच्चे सवार थे। पोल से टकरा कर बस के पलटने पर बच्चे घबरा गए और रोने लगे। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद स्कूल बस ड्राइवर फरार हो गया।