
पुलिस प्रशासन की ओर से समझाइश का दौर। फोटो। पत्रिका
करौली। जिले के गुढ़ाचन्द्रजी क्षेत्र के रिंगसपुरा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट के भट्टे पर काम करने वाले दो मजदूरों की कुंड के पानी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक ईटों की ट्रॉली पर काम करते थे। ट्रॉली भरने के बाद भट्टा परिसर में बने पानी के कुंड पर नहाने गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में डूब गए। कुंड का पानी ईट बनाने के दौरान उपयोग में आता है। जिसकी गहराई करीब दस से 12 फीट बताई गई है।
मृतकों की पहचान रामवीर (23) पुत्र पुखराज जाटव निवासी गहनोली महवा और अजय (22) पुत्र राधेश्याम निवासी अहमदपुर गंगापुरसिटी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास कार्य कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों को लेकर गुढ़ाचन्द्रजी सीएचसी पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ओमेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करा दिया है।
इस हादसे के बाद दोनों मजदूरों के परिवारों में शोक छा गया। वहीं परिवार में चल रही कार्यक्रमों की खुशियां बिखर गई। बताया गया है कि अजय का 1 जून को गौता होना था, जबकि रामवीर की एक माह पहले ही सगाई हुई थी। उसकी शादी की तैयारी चल रही थी। लेकिन उनकी मौत से खुशियों पर पानी फिर गया।
कुंड में डूबे मजदूरों के शव का पुलिस ने गुढ़ाचन्द्रजी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में परिजनों की सहमति से तहरीर देकर मेडिकल बोर्ड से देर शाम को पोस्टमार्टम करा दिया। लेकिन शव सुपुर्दगी के दौरान परिजनों ने दोनों के शवों को लेने से इनकार कर दिया। रात तक परिजनों ने शव नहीं लिया और प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग करते रहे। ऐसे में पुलिस रात तक अस्पताल में रुकी रही और समझाइश करती रही। थाना प्रभारी ओमेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की सहमति से पोस्टमार्टम कराया है, लेकिन परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया। ऐसे में देर रात तक पुलिस प्रशासन की ओर से समझाइश का दौर चलता रहा।
Published on:
25 May 2026 08:56 am
बड़ी खबरें
View Allकरौली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
