करौली. पंच गौरव के तहत एक जिला एक खेल के अन्तर्गत जिले में आयोजित हुई ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी करौली के तत्वावधान में माथुर स्टेडियम में मैच हुए। शनिवार को हुए समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवीसिंह बदनपुरा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विकास अधिकारी प्रधानङ्क्षसह गुर्जर ने की। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा जादौन, एसीबीईओ शिवराम ङ्क्षसह गुर्जर ने की। इस मौके पर राबाउमावि के प्रधानाचार्य मिथलेश शर्मा ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस मौके पर कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा फजले मोहम्मद ने किया। शारीरिक शिक्षक महेन्द्र गौतम व फजले मोहम्मद ने बताया कि प्रतियोगिता में बालक वर्ग में राजकीय उमावि गुड़ला की टीम विजेता रही, जबकि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपुरधाबाई की टीम उपविजेता रही। इसी प्रकार बालिका वर्ग में राजकीय बालिका उमावि करौली की टीम विजेता, माधव बाल विद्या मंदिर करौली की टीम उप विजेता रही। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
पीएमश्री हिंडौन छात्रा व एमजीजीएस सूरौठ की छात्राएं रहीं विजेता
हिण्डौनसिटी. एक जिला एक खेल एवं पंच गौरव के तहत दो दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह शनिवार को उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दयाल सिंह सोलंकी रहे, जबकि अध्यक्षता आर.पी. जयलाल ने की और विशिष्ट अतिथि एमजीजीएस स्कूल सूरौठ की प्रधानाचार्य एम.डी. भावना रहीं।
समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में छात्र वर्ग का फाइनल मुकाबला पीएम श्री विद्यालय विजयपुरा और पीएमश्री विद्यालय हिंडौन के बीच खेला गया। विजयपुरा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 68 रन बनाए, हिंडौन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 69 रन बनाकर जीत हासिल की। छात्रा वर्ग का फाइनल एमजीजीएस सूरौठ और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय महू इब्राहिमपुर के बीच हुआ। सूरौठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 रन बनाए और महू की टीम 39 रन पर सिमट गई। इस तरह सूरौठ ने छात्रा वर्ग का खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम का संचालन फिजिकल टीचर ओमप्रकाश डागुर ने किया।
टोडाभीम. दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में छात्रा वर्ग में टोडाभीम और छात्र वर्ग में करीरी की टीम विजेता रही। दोपहर 2 बजे खेले गए पहले फाइनल मुकाबले में छात्रा वर्ग की राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय झाड़ीसा और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय टोडाभीम की टीमें आमने सामने रहीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए झाड़ीसा की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 55 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टोडाभीम की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 4 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से जीत दर्ज कर छात्रा वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद छात्र वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करीरी और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भनकपुरा की टीमें आमने सामने रहीं। करीरी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भनकपुरा की टीम करीरी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 39 रन पर सिमट गई। करीरी की टीम ने 19 रन से जीत दर्ज कर छात्र वर्ग का खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में प्रतियोगिता संयोजक और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहनलाल मीणा ने विजेता टीमों को सम्मानित किया। इस अवसर पर संतोष सांवरिया, राजन नारेडा, देशराज बेनीवाल, अरङ्क्षवद ङ्क्षसह डागुर, मानङ्क्षसह मीणा, खेमचंद पाठक सहित आयोजन समिति के सदस्य, निर्णायक मंडल के पदाधिकारी और व्यवस्थाओं में लगे अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नादौती. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के अंतर्गत शुक्रवार से आयोजित ब्लॉक स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। कार्यक्रम के संयोजक और नोडल प्रधानाचार्य राजेश कुमार मीना ने बताया कि प्रतियोगिता में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के छात्र और छात्राओं की कुल 18 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में छात्र वर्ग में आदर्श विद्या मंदिर नादौती की टीम विजेता रही, जबकि छात्रा वर्ग में कैमा की टीम ने खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाडिय़ों को अतिथियों ने स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
मंडरायल. दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार मीणा रहे। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले शनिवार को खेले गए। छात्र वर्ग के फाइनल में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नींदर और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडरायल की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें नीदर विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडरायल की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। मंडरायल की टीम उपविजेता रही। छात्रा वर्ग के फाइनल में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यामपुर और स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल नयागांव की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में श्यामपुर की टीम ने बेहतर खेल दिखाते हुए नयागांव की टीम को पराजित किया। श्यामपुर की टीम को विजेता तथा नयागांव की टीम को उपविजेता घोषित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आरपी मुकेश शर्मा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी हरिओम उपाध्याय, सहित अनेक शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।