
हिण्डौनसिटी. दक्षिण व पूर्वी भारत में गेहूं व बाजरा से रेलवे को खाद्यान्न की ढुलाई से खूब आय हो रही है। 8 माह में रेलवे स्टेशन की गुड्स साइडिंग से आधा दर्जन से अधिक मालगाड़ी के रेकों से गेहूं व बाजरे का परिवहन किया गया। जिससे रेलवे को करीब 5 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित हुआ है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार कोटा रेल मंडल के हिण्डौन रेलवे स्टेशन की गुड्स साइडिंग पर खाद व अन्य सामान के आयात के साथ खाद्यान्न का घरेलू निर्यात भी होता है। इस वर्ष जनवरी माह से अगस्त माह तक आठ माह में रेलवे स्टेशन से 9 मालगाड़ियों से 18 हजार 616.7 टन खाद्यान्न की ढुलाई की गई। इससे रेलवे को स्टेशन की गुड्स साइडिंग से 4 करोड़ 93 लाख 8 हजार 74 रुपए की आय हुई है। जो बीते वर्ष से अधिक है।
व्यापारिक सूत्रों के अनुसार देश के दक्षिण व पूर्वी राज्यों में गेहूं व बाजरे का उत्पादन कम होने से मध्य व उत्तरी राज्यों से मंगाया जाता है। पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के व्यापारी इन राज्यों में वर्ष भर मांग के अनुरूप गेहूं व बाजरा की आपूर्ति देते हैं। जो खाद्यान्न के अलावा अन्य कार्यों में उपयोग लिया जाता है।
माह ट्रेन रेक वजन (टन) आय (रुपए)
जनवरी 1 1497.5 52 लाख 48 हजार 514
फरवरी 3 4715.2 39 लाख 29 हजार 790
मार्च – – –
अपे्रल 3 8096.6 2 करोड़ 61 लाख 43 हजार 529
मई – – –
जून 1 2739 85 लाख 29 हजार 384
जुलाई – – –
अगस्त 1 1563 54 लाख 56 हजार 857
गेहूं से बनती सूजी, बाजरे का केटल फीड
दक्षिणी राज्यों में गेहूं उत्तरी राज्यों के प्रवासियों के खाद्यान्न के तौर पर काम आता है। साथ ही इससे ग्रेन प्रोसेसिंग मिलों में सूजी बनाई जाती है। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार पूर्वी राजस्थान की फसल का गेहूं का दाना मोटा होने से सूजी के लिए काफी उपयुक्त माना जाता है। जबकि बाजरा का खासतौर पर मुर्गीफार्म में दाना व मदिरा फैक्ट्रियों में उपयोग किया जाता है।
बाजरा से दोगुने गए गेहूं के रेक :
रेलवे सूत्रों के अनुसार इस वर्ष बाजरा से अधिक गेहूं की मांग रही है। ऐसे में 8 माह में बाजरा से दोगुने गेहूं के रेकों का लदान हुआ। फरवरी माह में बाजरा की तीन मालगड़ियां भेजी गई। वहीं जनवरी, अप्रेल, जून व अगस्त माह में गेहूं के 6 रेक भेजे गए।
निर्यात से 6 गुणा आयात
रेलवे सूत्रों के अनुसार रेलवे स्टेशन से निर्यात की तुलना में मालगाड़ियों से आयात अधिक होता है। इनमें रासायनिक उर्वरकों के अलावा राशन वितरण के लिए एफसीआई का गेहूं है। आठ माह में स्टेशन की गुड्स साइडिंग पर 52 रैकों से आयात हुआ है। जिनमें 13 मालगाड़ी गेहूं लेकर आई हैं।
इनका कहना है
रेलवे स्टेशन से खास तौर से दक्षिणी व पूर्वी राज्यों के लिए गेहूं व बाजरा का लदान होता है। आठ माह में 9 मालगाड़ियों से खाद्यान्न ढुलाई से 4.93 करोड़ रुपए की आय हुई है। हालांकि रेलवे स्टेशन पर आयात ट्रेन रेकों की संया अधिक है।
केएस मीणा, अधीक्षक रेलवे स्टेशन, हिण्डौनसिटी