
एसडीएम काजल मीणा (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
करौली। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नादौती की उपखंड अधिकारी (SDM) काजल मीणा को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एसडीएम के रीडर दिनेश सैनी और यूडीसी (क्लर्क) प्रवीण धाकड़ को भी एसीबी ने पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपियों के पास से 4 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी भी बरामद की है। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि सवाई माधोपुर एसीबी चौकी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी भूमि की फाइनल डिक्री (तकसीम) जारी करने के बदले एसडीएम काजल मीना, अपने रीडर दिनेश सैनी के माध्यम से रिश्वत की मांग कर रही हैं। प्रारंभ में एक लाख रुपये की मांग की गई थी, जो बाद में 50 हजार रुपये पर तय हुई। सत्यापन के दौरान सामने आया कि रीडर ने 50 हजार रुपये एसडीएम के लिए और 10 हजार रुपये अपने लिए मांगे।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। 16 अप्रैल 2026 को परिवादी को नादौती स्थित उपखंड कार्यालय बुलाया गया, जहां रिश्वत की राशि दी जानी थी। जैसे ही 60 हजार रुपये की रकम आरोपियों तक पहुंची, एसीबी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रीडर दिनेश सैनी ने राशि लेकर उसे वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को सौंपा था।
कार्रवाई के दौरान प्रवीण धाकड़ के बैग से 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ ही 4 लाख रुपये की अतिरिक्त संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई, जिन्हें अवैध वसूली का हिस्सा माना जा रहा है। इस पूरे ऑपरेशन को एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर तथा डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह की निगरानी में अंजाम दिया गया। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
नादौती एसडीएम काजल मीणा की बतौर उपखंड अधिकारी दूसरी पोस्टिंग है। उन्होंने प्रतापगढ़ जिला के सुहागपुरा से तबादला होने के बाद 30 अक्टूबर 2025 को नादौती में कार्यभार संभाला था। सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर उपखंड के बडौली गांव निवासी कालज मीणा गृह नगर के निकट पदस्थापित होने से शुरु से ही चर्चा में रहीं। साथ ही नादौती क्षेत्र में कई रिश्तेदारी होने से उन्होंने रिश्वत का खेल शुरू कर दिया। वे अभी अविवाहित हैं। तथा पिता डा. कमरसिंह मीणा वजीरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी हैं।
यह कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी द्वारा अंजाम दी गई। वहीं एडीजी स्मिता श्रीवास्तव और आईजी एस. परिमला के निर्देशन में आगे की पूछताछ और जांच जारी है। एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत अनुसंधान जारी है।
गौरतलब है कि करौली जिले में हाल ही में एसीबी ने कार्रवाई की थी। इससे पहले भी एसीबी ने बारां जिले की अंता नगरपालिका के सहायक अभियंता महेंद्र सिंह जाटव को 3.70 लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि वह विभिन्न कार्यों के बदले यह राशि एकत्र कर अपने घर ले जा रहा था।
Updated on:
16 Apr 2026 10:03 pm
Published on:
16 Apr 2026 07:55 pm
बड़ी खबरें
View Allकरौली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
