श्रीमहावीरजी. श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी में चल रहे वार्षिक मेले के दौरान गुरुवार को नाजिम की सवारी निकाली गई। इस दौरान हिण्डौन उपखंड अधिकारी एवं मेला मजिस्ट्रेट हेमराज गुर्जर खुली जीप में सवार होकर मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते नजर आए। परंपरा के अनुसार हिण्डौन उपखंड अधिकारी, जिन्हें नाजिम भी कहा जाता है, रथयात्रा से एक दिन पूर्व मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हैं और अगले दिन भगवान महावीर स्वामी की रथयात्रा के सारथी बनते हैं। मंदिर प्रबंधकारिणी कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल ने बताया कि नाजिम की सवारी अपराह्न 4 बजे मुख्य मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों और गली मोहल्लों से होती हुई पुन: मंदिर परिसर में संपन्न हुई। मुस्लिम मोहल्ला स्थित मस्जिद के पास मुस्लिम समाज की ओर से नाजिम का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इससे पूर्व उपखंड अधिकारी हेमराज गुर्जर ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर भगवान जिनेन्द्र की आरती उतारी। इसके बाद अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल की ओर से गोद भराई की रस्म निभाई गई। पंचायती प्याऊ पर बैठकर जल सेवा भी की गई। इसके पश्चात नाजिम प्रशासनिक लवाजमे के साथ पूरे मेले का निरीक्षण करने निकले। इस दौरान प्रबंधकारिणी कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल, मानद मंत्री उमरावमल संघी सहित अन्य पदाधिकारी भी साथ रहे। जगह जगह मेला मजिस्ट्रेट का स्वागत किया गया और जलपान कराया गया। पंचायत भवन के सामने सरपंच प्रतिनिधि यादराम गुर्जर ने साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर तहसीलदार हरसहाय मीना सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मेला आयोजन के दौरान नाजिम की गोद भराई की परंपरा भी निभाई गई। अध्यक्ष की ओर से पान, मिठाई और अन्य सामग्री भेंट कर रस्म पूरी की गई। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत नाजिम मेले के निरीक्षण से पूर्व यह रस्म अदा करते हैं। हेमराज गुर्जर लगातार तीसरी बार भगवान के रथ के सारथी बनेंगे।