हिण्डौनसिटी. प्रदेश में आरक्षण उप वर्गीकरण लागू करने की मांग को लेकर वंचित वर्ग आरक्षण उप वर्गीकरण संघर्ष समिति राजस्थान की ओर से निकाली जा रही वंचित वर्ग अधिकार रथ यात्रा बुधवार को हिण्डौन पहुंची। इसके तहत वाल्मीकि समाज के लोगों ने तिरंगा झंडा लेकर शहर में अधिकार रैली निकाली। और तहसीलदार को मुख्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौप कर आरक्षण उप वर्गीकरण करने के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को राजस्थान में प्रभावीतौर पर लागू करने की मांग की।
समिति के प्रदेशाध्यक्ष विकास नरवार व अरविंद भील के संयोजन में भरतपुर से शुरू हुई वंचित वर्ग अधिकार रथ यात्रा विभिन्न जिला मुख्यालय व कस्बों में होते हुए हिण्डौन पहुंची। लालसोट से आई यात्रा का झारेड़ा रोड वाल्मीकि बस्ती में समाज के लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान वाल्मीकि बस्ती में रथ यात्रा के पड़ाव के दौरान सभा आयोजिम हुई। जिसमें संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 1 अगस्त2024 को नॉन क्रीमिलेयर जातियों का उपवर्गीकरण करने का फैसला दिया था। ताकि आरक्षित वर्ग की वंचित जातियों को भी समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने कहा के सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय को देश के कई राज्यों में लागू किया जा चुका है। वही अनेक राज्यों में लागू करना प्रक्रियाधीन है। अब प्रदेश का वंचित वर्ग भी इसे राजस्थान में लागू करने की मांग को बुलंद कर लामबंद हो गया है। वंचित वर्ग को जागरुक करने के लिए हर जिला, उपखण्ड और तहसील मुख्यालय पर संघर्ष समिति सभा कर रही है। साथ ही राज्य सरकार को ज्ञापन देकर मांग से अवगत कराया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वंचित वर्ग व वाल्मीकि समाज राजनीतिक व सामाजिक आरक्षण का वर्गीकरण चाहता है। इस दौरान रथयात्रा प्रबंधन जितेन्द्र जादौ , अध्यक्ष नरेंद्र चिरामडा, करौली धौलपुर लोकसभा क्षेत्र संयोजक जितेन्द्र तमोली, जितेन्द्र जादौ, सहसंयोजक कुनाल वाल्मीकि, विकास तमोली आरव कनोतिया हेमचन्द चिरामडा, आजाद जादौ, गोविन्द ठेकेदार , अर्जुन ठेकेदार कमलेश ठेकेदार, पूर्व पार्षद दिलीप तमोली आदि मौजूद रहे।
रथ यात्रा के साथ निकाली रैली
सभा के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों ने अधिकार यात्रा रथ को साथ लेकर शहर में रैली निकाली। समाज के महिला, पुरुष व युवा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज व मांग की तिख्तियां लेकर नारे लगाते चल रहे थे। महर्षि वाल्मीकि व संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की तस्वीर लगे रथ पर प्रदेशाध्यक्ष, मेहतर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चरण सिंह, सतीश धामोनिया कोषाध्यक्ष, सहित समाज के गणमान्य बैठे। तहसील कार्यालय पहुंचने पर लोगों ने तहसीलदार रेणु चौधरी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।