
हिण्डौनसिटी. सार्वजनिक यात्री परिवहन सेवा से वंचित गांवों के लोगों का अब आवागमन सुगम होगा। इसके लिए राजस्थान परिवहन निगम ग्रामीण क्षेत्रों में बसों का संचालन शुरू करेंगी। करौली जिले में 12 ग्रामीण मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा। जिससेे जिले भर में सैकड़ों गांवों ग्रामीण लाभांवित से सकेंगे। यदि सब कुछ ठीक रहा तो आगामी माह से गांवों की राहों पर रोडवेज की ग्रामीण सेवा की बसें दौड़ती नजर आएगी। दरअसल घाटे में चल रही राजस्थान परिवहन निगम को अतिरिक्त राजस्व का संबल देने लिए राज्य सरकार फिर से ग्रामीण मार्गों राजस्थान परिवहन निगम ग्रामीण बस सेवा शुरू कर रही है। इसके लिए निगम मुुयालय ने प्रत्येक आगार वाइज तय किए मार्गों के लिए प्राइवेट बस ऑपरेटरों से बस संचालन के लिए निविदा आमंत्रण की प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई। रोडवेज डिपो सूत्रों के अनुसार रोडेवज की बसें राष्ट्रीय राजमार्ग व स्टेट हाइवे पर संचालित होता है। अब ग्रामीण मार्ग व स्टेट हाइवे पर ग्रामीण परिवहन सेवा की बसेें भी चलेंगी। करौली जिले में हर ब्लॉक को सेवा जोड़ते हुए 12 ग्रामीण मार्गों पर बसों का संचालन तय किया है। सबसे दूरी का 98 किमी का मार्ग करौली से बयाना वाया खेड़ा मासलपुर व सबसे छोटा मार्ग 22 किलोमीटर का हिण्डौन से कलसाड़ा वाया विजयपुरा है। गौरतलब है कि ग्रामीण बस सेवा के लिए चयनित मार्गों पर वर्तमान में ग्रामीण डग्गेमार वाहन, बाइक, जुगाड़ आदि निजी साधनों से सफर करते हैं।
22 सीटर होंगी बसें : रोडवेज के एमओ भाईराम गुर्जर ने बताया कि गांवों के संकरे रास्तों के लिहाज से ग्रामीण मार्गों पर संचालित होने वाली बसें 22 सीटर होंगी। जिससे सुगमता से आवागमन हो सके। बीएस-6 स्टैंडर्ड की बसों का संचालन रेवन्यू शेयरिंग मॉडल के आधार पर होगा। इन बसों में रोडवेज बसों की भांति श्रेणी के अनुसार देय रियायतों का भी लाभ मिलेगा। बसें प्रस्तावित किलोमीटर के आधार प्रति दिन कम से कम एक और अधिकतम 10 परिचक्र करेंगी।
इन मार्गों पर होगा संचालन
रोडवेज मुयालय से करौली व हिण्डौन डिपो की ओर से चिह्नित 12 मार्गों का अनुमोदन किया है। रोडवेज डिपो सूत्रों के अनुसार करौली से बयाना बाया खेड़ा मासलपुर, बयाना से करौली वाया खेड़ा मासलपुर, करौली से गुरदह वाया चैनपुर मासलपुर, करौली से ओण्ड वाया लांगरा मंडरायल, करौली से बसेड़ी बाया मासलपुर पिपरानी, करौली से नानपुर वाया कैलादेवी-करणपुर, करौली से वजीरपुर गेरई वाया रघुवंशी परीता, हिण्डौन से गुढ़ाचंद्रजी बाया धवान, नागल शेरपुर, मंडावरा, टोडाभीम से हिण्डौन वाया खेड़ी करीरी, जटवाड़ा से मासलपुर वाया हिण्डौन, फतेहपुर, हिण्डौन से बागौर, सिकरौदा, नंगला मीणा, श्रीमहावीरजी कूजैला तथा हिण्डौन से कलसाड़ा वाया विजयपुरा मार्ग पर बसों का संचालन किया जाएगा।
भरतपुर जोन में सबसे ज्यादा बसें हिण्डौन में
डिपो सूत्रों के अनुसार रोडवेज के भरतपुर जोन की हिण्डौन- करौली डिपो से सर्वाधिक 12 बसों का संचालन होगा। वहीं भरतपुर डिपो से 7, लोहागढ़ से 5, अलवर डिपो 5, धौलपुर से 6 बसें चलेंगी।
इनका कहना है
रोडवेज मुयालय पर ग्रामीण बस सेवा के लिए निविदा प्रक्रियाधीन है। जिले में निजी बस ऑपरेटर व पूर्व में संचालित ग्रामीण बस सेवा के पूर्व चालक, परिचालक को योजना के बारे में अवगत कराया है। कार्यादेश जारी होने के बाद चिह्नित मार्गों पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
संदीप सांखला, मुय प्रबंधक, रोडवेज डिपो हिण्डौन-करौली