करौली. भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत करौली जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया है। अंतिम मतदाता सूची-2026 में जिले में अब कुल 10 लाख 79 हजार 730 मतदाता हैं। इससे पहले 16 दिसम्बर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले में 10 लाख 62 हजार 521 मतदाता दर्ज थे। अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन के बाद अब प्रथम अपील 15 दिवस के अन्दर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष की जा सकेगी।
जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाभ सक्सेना ने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम जिले में 4 नवम्बर 2025 से 11 दिसम्बर 2025 तक किया गया था। गणना कार्य पूर्ण होने के बाद 16 दिसम्बर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया, जिसमें करौली जिले में कुल 10,62,521 मतदाता दर्ज थे। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसम्बर से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस अवधि में जिले में 19029 फार्म-6, 1149 फार्म-7 तथा 6425 फार्म-8 प्राप्त हुए।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों से संबंधित आवेदन पत्रों की सूचियां फार्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी में तैयार कर उनकी प्रतियां कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की गईं। साथ ही प्रति सप्ताह प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा की गईं। प्राप्त सभी दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से करने के बाद शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रथम अपील अंतिम प्रकाशन तिथि से 15 दिवस के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष तथा द्वितीय अपील जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 30 दिवस के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है।
महिला-पुरुष मतदाता: इस प्रक्रिया के बाद प्रारूप सूची की तुलना में 17209 मतदाताओं (1.61 प्रतिशत) की वृद्धि हुई है। इस प्रकार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढकऱ 10 लाख 79730 हो गई है। इनमें 5 लाख 84413 पुरुष तथा 4 लाख 95307 महिला तथा 10 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने अथवा संशोधन की प्रक्रिया सतत जारी है। इसके लिए पात्र नागरिक फार्म-6 (घोषणापत्र सहित), फार्म-7 एवं फार्म-8 ईसीआई ऐप या वोटर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अथवा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी संपर्क कर आवेदन किया जा सकता है।
दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई सूची
अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाभ सक्सेना की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची-2026 की एक हार्ड कॉपी तथा एक सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। साथ ही पात्र नागरिकों द्वारा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने अथवा संशोधन कराने की निर्धारित प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिनिधियों को यह भी अवगत कराया गया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में यदि कोई व्यक्ति निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट है, तो वह नियमानुसार अपील प्रस्तुत कर सकता है।