जिले में फैला अवैध शराब का कारोबार परिवारों को भी बरबाद कर रहा है। अवैध शराब के चलते रोजाना घरों में कलह हो रही है। पति लाड़ली बहना योजना में मिली राशि तक छीन कर ले जा रहे है, घर के राशन का पैसा भी शराब में उड़ा रहे है। आबकारी विभाग है कि इस मामले में कोई कार्रवाई तक नहीं कर रहा। ये पीड़ा मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंची इटावा माल की महिलाओं ने अधिकारियों को सुनाई।
सामाजिक कार्यकर्ता ममता मोरे ने बताया कि आबकारी विभाग गांव में बन रही कच्ची शराब को लेकर तो यदा-कदा कार्रवाई करता है, लेकिन किराना दुकानों, घरों में बिक रही शराब को लेकर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। ठेके से लोग शराब लाकर गांव में बेच रहे है। पुरुष शराब पीकर घरों में मारपीट करते है, छोटे बच्चों का स्कूल जाना तक छूट गया है।
किशोर बच्चों को भी लग रही लत
किशोरावस्था में पहुंचे बच्चे भी बड़ों को देखकर शराब के जाल में फंस रहे है। घर की महिलाओं को खेतों में मजदूरी कर अपना परिवार पालन पोषण करना पड़ रहा है। अवैध शराब को लेकर कई बार शिकायतें की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पिपलौद थाना क्षेत्र के हर गांव में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। महिलाओं ने कार्रवाई नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन की भी चेतावनी दी।