जिले सहित शहर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर करणी सेना ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। समृद्ध निमाड़-विकसित निमाड़ जन अभियान समिति के बैनर तले पथ अधिकार जन यात्रा रविवार को सिंगाजी से निकाली गई। सैकड़ों वाहनों के साथ हजारों लोग आनंद नगर तक पहुंचे, यहां से पद यात्रा शुरू हुई। शाम 6.30 बजे अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगें रखी गई। इसके साथ ही करणी सेना ने हरदा की घटना पर आगामी 31 दिसंबर को पुलिस के खिलाफ बड़े आंदोलन की घोषणा भी की।
पद अधिकार जन यात्रा के लिए करणी सेना प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर विशेष रूप से खंडवा पहुंचे। यात्रा का शुभारंभ रविवार सुबह 10 बजे सिंगाजी महाराज की समाधि दर्शन कर शुरू हुआ। विभिन्न ग्रामों में करणी सेना प्रमुख का स्वागत भी हुआ। पहले यात्रा सिंगाजी से तलवडिय़ा तक वाहन से 20 किमी और तलवडिय़ा से खंडवा तक 20 किमी पैदल निकाली जानी थी। समय ज्यादा होने के कारण आनंद नगर तक यात्रा वाहन से पहुंंची और यहां से पदयात्रा के रूप में आरंभ हुई। करणी सेना प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर एक वाहन की छत पर सवार रहे।
एक-एक बिंदुओं पर की अधिकारियों से चर्चा
पथ अधिकार जन यात्रा आनंद नगर, रामेश्वर रोड, रेलवे स्टेशन रोड, ओवरब्रिज होते हुए स्टेडियम के सामने पहुंची। यहां हरसूद रोड पर ही यात्रा को विराम दिया और ज्ञापन के लिए कलेक्टर को बुलाने की मांग की गई। कलेक्टर के बाहर होने से अपर कलेक्टर केआर बड़ोले ज्ञापन लेने पहुंचे। ज्ञापन के वाचन के दौरान विभिन्न मुद्दों पर संबंधित विभाग एनवीडीए, पीएमजीएसवाय, पीडब्ल्यूडी सहित अन्य अधिकारियों से सीधे सवाल-जवाब किए गए। इस दौरान मूंदी-खंडवा मार्ग से संबंधित विभाग एमपीआरडीसी से कोई नहीं होने पर रोष भी जताया।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
पूरे आंदोलन के दौरान रास्तेभर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कलेक्ट्रेट रोड पर ज्ञापन के दौरान एएसपी महेंद्र तारणेकर, सीएसपी अभिनव बारंगे, डीएसपी हेडक्वाटर अनिलसिंह चौहान सहित सभी थाना प्रभारी व बल मौजूद रहा। किसान नेता व करणी सेना जिलाध्यक्ष पंकजराज सिंह पुरनी, नितिराजसिंह गौड़, मोहन सिंह, जयपालसिंह, जयदीपसिंह पवार सहित बड़ी संख्या में करणी सेना सदस्य, ग्रामीणजन, सर्वसमाज जन शामिल रहे। ज्ञापन का वाचन रामपालसिंह सोलंकी केहलारी ने किया।