27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा
साले की हत्या का आरोपी जीजा गिरफ्तार, कपड़े बदलकर भागने की तैयारी में था
Play video

साले की हत्या का आरोपी जीजा गिरफ्तार, कपड़े बदलकर भागने की तैयारी में था

पुलिस ने साले की बेरहमी से हत्या कर फरार हुए जीजा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कपड़े बदलकर जलगांव भागने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी से चाकू जब्त किया है।
Google source verification

ग्राम सिहाड़ा निवासी मनीष की हत्या करने के बाद आरोपी जीजा गणेश ने अपने एक रिश्तेदार के यहां आकर पेंट और शर्ट बदले। खून लगे कपड़े उसने मथेला के पास रेलवे पटरियों के किनारे छुपा दिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून लगे कपड़े जब्त किए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे ने बताया कि आरोपी से हत्या में उपयोग किया हुआ चाकू जब्त किया है। करीब 8 घंटे में ही आरोपी को पकड़ लिया गया था। इस मामले में एसआइ रूपसिंह सोलंकी, चौकी प्रभारी रामेश्वर एसआइ सुभाष नावड़े, एसआइ जान बारिया, एसआइ भीमसिंह मंडलोई, एएसआइ नरेंद्र श्रीवास, एएसआइ जितेन्द्र तिवारी और प्रधान आरक्षक शेखर सिंह चौहान सहित अन्य की सराहनीय भूमिका रही।

बहन के साथ मारपीट करने पर हुआ था विवाद

मृतक मनीष पिता राजू चांगरे की बहन संगीता की शादी महेंद्र उर्फ गणेश पिता सुनील शिंदे से हुई थी। गणेश अक्सर अपनी पत्नी संगीता के साथ विवाद कर मारपीट करता था। इसको लेकर मनीष का अपने जीजा गणेश शिंदे के बीच विवाद होता था। शनिवार भी सुबह से गणेश पत्नी संगीता के साथ विवाद कर रहा था। शाम में 6 बजे मनीष आंगन में बैठा था। तभी बहन के साथ विवाद की वजह से जीजा व उसके बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद मनीष अकेला दिखा तो गणेश ने पीछे से आकर उसके गले व गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। दस से अधिक बार चाकू मारा, इससे खून से लथपथ मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।