निरीक्षण के दौरान छपरा-सूरत एक्सप्रेस में कुछ यात्री वेटिंग टिकट के साथ कोच में सवार मिले। बाथरूम की गंदगी और दुर्गंध से यात्री परेशान दिखाई दिए। वहीं, पेंट्रीकार में खाद्य सामग्री की जांच के दौरान उबले आलू और गूंथा हुआ आटा मिलने पर उन्होंने तत्काल आलू जब्त करवा दिए। डीआरएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रेनों में स्वच्छता और यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
कार्य जल्द शुरू होगा
उन्होंने कहा कि इस समय पूरे देश में सेवा पखवाड़ा चल रहा है, जिसके अंतर्गत वह पूरे भुसावल मंडल और खंडवा स्टेशन का जायजा ले रहे हैं। स्टेशन और ट्रेनों में अच्छी व्यवस्थाओं के साथ स्वच्छता भी रहे, इसके दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। खंडवा रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य जल्द शुरू होगा।
नया कार्यालय बनना प्रस्तावित
निरीक्षण के दौरान डीआरएम अग्रवाल ने रेलवे माल गोदाम और पुराने भवनों का भी मुआयना किया। यहां नया शेड और अधिकारियों के लिए नया कार्यालय बनना प्रस्तावित है। साथ ही रेलवे यार्ड निर्माण की भी योजना है। निरीक्षण में निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम अजय कुमार, सीनियर डिविजनल इंजीनियर पंकज धावरे, सीनियर डिविजनल इंजीनियर नॉर्थ पंचम जाटव, एइएन हरि ओम मीणा, आरपीएफ थाना प्रभारी संजीव कुमार, स्टेशन मैनेजर अरविंद साहा, कमर्शियल इंस्पेक्टर एनके शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
जनप्रतिनिधियों के सुझाव शामिल करने की मांग
इस दौरान रेलवे सलाहकार समिति के मनोज सोनी और भाजपा प्रवक्ता सुनील जैन ने डीआरएम से मुलाकात कर री-डेवलपमेंट कार्यों में जनप्रतिनिधियों के सुझाव शामिल करने की मांग रखी। इस पर अग्रवाल ने कहा कि शीघ्र ही सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के साथ बैठक कर योजना साझा की जाएगी और आवश्यक सुझावों को शामिल किया जाएगा।