10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

ओंकारेश्वर में सेहत से खिलवाड़… मावा पेड़ा, मिल्क केक के नाम पर बेच रहे थे मैदे की मिठाई

-खाद्य विभाग की कार्रवाई, 635 किग्रा माल जब्त, दुकान की सील -ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर के पास बिना लायसेंस चल रही थी दुकान

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Nov 06, 2025

तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में आने वाले दर्शनार्थियों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। यहां मावा पेड़ा और मिल्क केक के नाम पर लोगों को मैदे की मिलावटी मिर्ठा 400 रुपए किलो के भाव से बेची जा रही थी। जिसकी सूचना पर कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि विभाग ने कार्रवाई की। बुधवार रात को यहां से खाद्य विभाग ने सैंपल लेकर 635 किलो मिठाई जब्त कर दुकान सील कराई।

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर में संचालित ओंकार पेड़ा भंडार पर बुधवार शाम को खाद्य एवं औषधि विभाग ने कार्रवाई की। यहां विक्रेता समाधान पिता दत्तात्रय धस और दुकान मालिक नायनेश्वर पिता आत्माराम मोहिते द्वारा मिलावटी पेड़ा और मिल्क केक बेचा जा रहा था। एसडीएम पुनासा पंकज वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव मिश्रा ने कार्रवाई की। मिलावटी मिठाई महाराष्ट्र के धाराशिव से लाकर मिल्क केक और मावा पेड़ा के नाम पर बेचकर आम जनता और श्रद्धालुओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। यहां से खाद्य एवं औषधि विभाग ने मावा पेड़ा और मिल्क केक के सैंपल भी लिए।

2.53 लाख का माल किया जब्त
खाद्य एवं औषधि विभाग ने सैंपल लेने के साथ ही 300 किलो मावा पेड़ा कीमत 1.20 लाख रुपए और 334.5 किलो मिल्क केक कीमत 1.33 लाख 800 रुपए, कुल माल 634.5 किलो कीमत 2.53 लाख 800 रुपए जब्त किया। उक्त दुकान का लायसेंस भी नहीं था। जिसके चलते यहां रखे अन्य माल व सामान सहित दुकान को सील किया गया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव मिश्रा के साथ खाद्य निरीक्षक राधेश्याम गोले, नायब तहसीलदार उदय मंडलोई, लैब केमिस्ट विनय साकेत भी मौजूद रहे। आगामी आदेश तक दुकान सील रहेगी।