साहब… प्रतिबंध लगाने से पहले ही हम पीओपी की प्रतिमाएं बना चुके थे, इस साल हमें बेचने की अनुमति दी जाए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे मूर्तिकारों, कुम्हारों ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता से गुहार लगाई। कलेक्टर ने साफ कहा कि शहर में पीओपी की प्रतिमाओं की बिक्री पर प्रतिबंध है, शहर के बाहर नहाल्दा, नागचून में दुकान लगाकर बेच सकते हों। मूर्तिकारों का कहना था कि पहले ही कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम और निगम अमला प्रतिमाएं तोडकऱ नुकसान कर चुका है। जिस पर कलेक्टर ने कहा कि किसी की प्रतिमाएं नहीं तोड़ी गई है, यह गलत बात है।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे मूर्तिकारों ने कलेक्टर से मुलाकात के पूर्व अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल के नेतृत्व में एक ज्ञापन तहसीलदार महेश सोलंकी को सौंपा। इसके बाद जनसुनवाई में आवेदन दिया। कलेक्टर ऋषव गुप्ता का कहना था कि इस बार बना चुके प्रतिमाओं को शहर के बाहर बेच लों, अगली बार से निर्माण भी नहीं करने दिया जाएगा। वहीं, जनसुनवाई में आए एक कॉलोनी के लोगों ने बिजली कनेक्शन और नर्मदा जल पाइप लाइन नहीं होने की गुहार लगाई। जिस पर कलेक्टर ने निगमायुक्त प्रियंका राजावत और विविकं कार्यपालन यंत्री शहर संभाग बीएम गुप्ता से जानकारी ली। पता चला कि यह कॉलोनी अवैध है, जिस पर कलेक्टर ने साफ कहा कि अवैध कॉलोनी में कैसे सुविधा दी जाए, पहले कॉलोनी को वैध कराओ।
पीएम आवास के लिए पहुंचे लोग
जनसुनवाई में योगेन्द्र झाला एवं लक्ष्मीबाई केहलारी ने कलेक्टर को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। कलेक्टर ने जपं खंडवा सीईओ को दोनों आवेदकों की पात्रता का परीक्षण कर पात्रता अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जसवाड़ी रोड निवासी लता पांडे ने भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने निगमायुक्त को आवेदक की पात्रता का परीक्षण कर पात्रता अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
ये आवेदन भी आए
नारायण पिता चंपालाल निवासी बरूड़ ने अपनी भूमि पर गांव के ही लखन सिंह ने कब्जा करने की शिकायत की। तहसीलदार छैगांवमाखन द्वारा कब्जा दिलाने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, लेकिन अभी तक अनावेदक ने कब्जा नहीं छोड़ा है। कलेक्टर ने तहसीलदार छैगांवमाखन को आदेश का पालन कराकर सूचित करने के निर्देश दिए। जामकोटा निवासी बागसिंह ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया प्राकृतिक प्रकोप से उसकी सोयाबीन की फसल खराब हो गई है, फसल क्षति की राहत राशि दिलाई जाए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर केआर बड़ोले, अरविंद चौहान, एसडीएम बजरंग बहादुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।