कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का दो दिवसीय सर्वोदय संकल्प शिविर का शुभारंभ रविवार को गांधी भवन में हुआ। आरएसएस के वर्ग शिविर की तर्ज पर अपेक्षित पदाधिकारियों को बंद कमरे में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान शिविर में आए पदाधिकारियों का बसेरा गांधी भवन में ही रहा। सोमवार को संगठन द्वारा संत रैदास वार्ड में श्रमदान कर साफ-सफाई की जाएगी। दोपहर के सत्र के बाद शिविर का समापन होगा।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष राजकुमार कैथवास ने बताया कि शिविर में सुराज-स्वराज की कल्पना, कांग्रेस का इतिहास तथा वर्तमान राजनीति के विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया। संगठन की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मोना कौरव, मार्गदर्शक हेमंत टाले द्वारा शिविर में प्रशिक्षण दिया गया। दो दिवसीय शिविर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास, संगठन को मजबूत करने की दिशा में विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया।
कांग्रेस का इतिहास बताया
साथ ही कांग्रेस के विस्तृत इतिहास को भी पेश किया गया। जिलाध्यक्ष राजकुमार कैथवास ने बताया सोमवार प्रात: 7 बजे गांधी भवन से प्रभात फेरी संत रैदास वार्ड तक निकाली जाएगी। संत रैदास वार्ड में श्रमदान करके स्वच्छता का कार्य किया जाएगा। शिविर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह, शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी सहित अपेक्षित पदाधिकारी मौजूद रहे।