पदमनगर पुलिस ने बैंक के आउट सोर्स कर्मचारी जीवन वर्मा और मारुति रोड लाइन ट्रांसपोर्ट के मुनीम राजू मंडलोई को दो दिन की रिमांड पर ले रखा हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों को रिमांड पर लेना महज एक खानापूर्ति करना दिखाई पड़ रहा है। दरअसल दोनों से पूछताछ के बाद भी खाद के खरीदरों के नाम सामने आए हैं और न ही जांच आगे बढ़ सकी।
ट्रांसपोर्टर बाहेती व चौहान से नहीं हुई पूछताछ
खाद घोटाले में मुय रूप से मारुति रोड लाइंस ट्रांसपोर्ट के रूपेश बाहेती और चौहान फ्रूट केरियर ट्रांसपोर्ट के अईया चौहान से पूछताछ होना था, लेकिन अब तक पुलिस ने इन दोनों से एक बार भी पूछताछ नहीं की है। जिन ट्रकों से यूरिया की हेराफेरी हुई उसमें कुछ ट्रक अईया चौहान के ट्रांसपोर्ट के थे और उसमें भरा हुआ माल बाहेती का था। लेकिन अब इनके घर तक पुलिस नहीं पहुंची। सूत्रों के अनुसार बाहेती शहर से बाहर चले गए, मोबाइल भी बंद कर रखा है। इधर अईया के भाई इमरान चौहान से भी पुलिस ने पूछताछ नहीं की। जबकि इनके व अधिकारियों के बिना लाखों की यूरिया की हेराफेरी संभव नहीं।
अब यह होगा : शनिवार को पुलिस ने आरोपी राजू व बैंककर्मी वर्मा को दो दिन की रिमांड पर लिया था। सोमवार को रिमांड खत्म होने पर दोनों को कोर्ट पेश कर दिया जाएगा। कोर्ट में फिर एक बार पुलिस अतिरिक्त रिमांड की मांग कर खानापूर्ति करती हुई दिख सकती है। रिमांड नहीं मिलने पर आरोपियों को जेल भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही मामला अन्य मामलों की तरह विवेचना के ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
मिट्टी पोतकर ढांक दिया नंबर, इसकी भी हो जांच
खाद घोटाले के बीच एक चौंका देने वाला मामला भी सामने आया है। 26 अगस्त को सुबह मूंदी रोड पर खैगांव के पास यूरिया से भरा एक ट्रक पुलिया के पास सड़क से काफी दूर रहस्यमय ढंग से पलट गया था। ट्रक के नंबर प्लेट को मिट्टी से पोत दिया था, जिससे की नंबर नहीं दिख सके। इस ट्रक से दूसरे ट्रक में यूरिया लोड किया गया। एक ट्रक को मूंदी के ट्रेचिंग ग्राउंड पर फंसा दिया गया।
इस मामले में जिला सहकारी बैंक, जिला विपणन कार्यालय, ट्रांसपोर्टर और जहां खाद भेजा गया हैं सभी बिंदुओं को विवेचना में लिया गया है। जो भी ट्रांसपोर्ट है जिनकी जवाबदारी थी उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
– मनोज कुमार राय, पुलिस अधीक्षक