सिख समाज के आराध्य श्री गुरुनानक देवजी का 554वां प्रकाशोत्सव उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार को प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन निकाला गया। पंजाब से आए इंटरनेशनल गोल्ड मेडल विजेता निशान ए खालसा गतका दल ने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। पांच वर्षीय नन्हे गतका कलाकार ने आंख पर पट्टी बांध हथौड़े से नारियल फोड़ा तो लोगों की चींखे निकल गई।
शनिवार दोपहर नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुनानकपुरा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुसिंघ सभा से अरदास के साथ हुई। नगर कीर्तन में अगुवाई पंज प्यारे के रूप में मेघदीप सिंघ चुग्गा, रिंपल छाबड़ा, मंगेतसिंघ आनंद, वरदीपसिंघ खनुजा, हरविंदरसिंघ सलूजा ने की। स्वच्छता का संदेश देते सिख समाजजन महिला, पुरुष, युवक-युवतियां पंज प्यारों के आगे झाड़ू बुहारते चल रहे थे। नगर कीर्तन में पंजाब के सत करतार फौजी बैंड ने आकर्षक प्रस्तुतियां दी। इस दौरान महिलाएं कीर्तन करते हुए शामिल रहीं। बैंड की धुन पर श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने पंजाब के गिद्दा, भांगड़ा नृत्य की प्रस्तुतियां दी।
करतब ऐसे की देखकर निकली चींखे
नगर कीर्तन में गतका कलाकारों ने अपने शौर्य, तलवारबाजी, बनेठी सहित कई करतब दिखाएं। नगर कीर्तन का आकर्षण दो बालक रहे, जिसमें पांच वर्षीय और सात वर्षीय बालक ने आंखों पर पट्टी बांधकर लेटे कलाकार के आसपास रखी मटकी फोडऩा, हथौड़े से नारियल फोडऩा, बेहद फुर्ती से तलवार चलाना रहे। जगह जगह नगर कीर्तन का स्वागत पुष्प वर्षा, स्वल्पाहार, शीतल पेय, चाय से किया गया। नगर कीर्तन गुरुद्वारे से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस गुरुद्वारा पहुंचा। यहां दीवान सजाया गया व कथा और कीर्तन का आयोजन हुआ। रविवार को प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाया जाएगा।