खंडवा.
चुनावी मैदान में नेताओं का कुर्सी के पीछे भागना भले ही आम कहावत हो, लेकिन जब सच में नेताओं का कुर्सी के लिए दौड़ते कम ही देखने को मिलता है। जिलाध्यक्ष, विधायक, मंडल अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के अध्यक्ष बुधवार को कुर्सी के लिए दौड़ते नजर आए और कार्यकर्ता नेताजी को पहचानने में लगे रहे। दरअसल भाजपा कार्यालय में बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत बैठक के साथ खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कुर्सी दौड़ में जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल और विधायक देवेंद्र वर्मा संयुक्त विजेता रहे।
बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत बुधवार शाम 4 बजे भाजपा कार्यालय में अटल बिहारी बाजपेयी मंडल की बैठक हुई। आम बैठकों में भाषणों के दौर से दूर पहली बार खेलों के माध्यम से पारिवारिक माहौल में बैठक ली गई। बैठक में कुर्सी रेस, नेताजी पहचानों प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 12 कार्यकर्ताओं को बिठाकर एक को नेता बनाया गया। बाहर से आकर कार्यकर्ता को नेताजी के कार्यकलाप देखकर पहचानना था कि कौन नेताजी है। मजेदार खेल में कोई भी विजेता नहीं रहा। इसके साथ सभी कार्यकर्ताओं के साथ पदाधिकारियों ने फर्श पर बैठकर स्वल्पाहार का आनंद भी उठाया। इसके साथ ही जिलेभर में चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सभी ने एकजुट होकर भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प भी लिया। गुरुवार को कुशाभाउ ठाकरे मंडल की बैठक होगी।
लाड़ली बहना योजना का दिलाए लाभ
जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका के साथ इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में हम विजयश्री प्राप्त करेंगे। पटेल ने कहा लाड़ली बहना योजना 10 जून से प्रारंभ हो रही है। इसका लाभ हर पात्र महिला को दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, जिला महामंत्री अरुण सिंह मुन्ना, मंडल अध्यक्ष सुधांशु जैन, जिला उपाध्यक्ष अमर यादव, जीवन डिंडोरे, सुनील जैन, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष बप्पी नरवाले, सोमनाथ काले, मंगलेश तोमर, निशा अग्रवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक का संचालन विशाल तिवारी ने किया, आभार सुधांशु जैन ने माना।