13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किशनगढ़
बोले अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राजीव दासोत, तकनीक में दक्ष अपराधी हैं पुलिस के लिए चुनौती
Play video

बोले अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राजीव दासोत, तकनीक में दक्ष अपराधी हैं पुलिस के लिए चुनौती

www.patrika.com/ajmer-news

Google source verification

मदनगंज-किशनगढ़. राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजीव दासोत ने कहा कि आज समाज में अपराध की प्रकृति में परिवर्तन आया है। अपराधी आज नवीनतम तकनीक में दक्ष होकर पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गए हैं। अतिरिक्त महानिदेशक दासोत ने यह बात पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के परेड ग्राउंड पर आयोजित ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स दीक्षांत समारोह में कही।


उन्होंने कहा कि एक ओरदेश के सर्वांगीण विकास में संचार के नवीनतम माध्यम, इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं, कम्प्यूटर, मोबाइल आदि ने क्रांतिकारी भूमिका निभाई है। दूसरी ओर अपराधियों ने इन्ही तकनीकों एवं उपकरणों का अपराधों में इस्तेमाल करके उन्हें जटिल प्रकृति का बना दिया है। आज प्रतिदिन होने वाले अपराधों में बड़े आर्थिक घोटाले, साइबर क्राइम, क्रेडिट कार्ड से चीटिंग आदि सामान्य बात हो गई है।

 

पीटीएस प्रधानाचार्य आईपीएस अनिल कुमार टांक ने बताया कि राजस्थान पुलिस के प्रशिक्षण संस्थानों में नव पदस्थापित 74 प्रशिक्षकों की प्रशिक्षक क्षमता में उन्नयन के लिए इस संस्थान में तीन सप्ताह का नव प्रशिक्षक प्रशिक्षण कोर्स आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि दासोत ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इसके बाद प्रशिक्षार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज एवं पुलिस कलर के सामने कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को पारितोषिक प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन पर कमांडेंट अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र मोहन शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

दीक्षांत समारोह में यह रहे मौजूद
समारोह में अजमेर रेंज महानिरीक्षक बीजू जॉर्ज जोसफ, पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह, सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निर्मल शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक गणेश हाडा, उप अधीक्षक बलवीर सिंह, बीएसएफ उप अधीक्षक संतोष कुमार, पुलिस निरीक्षक सर्वेश्वर मिश्रा, पुलिस निरीक्षक रामचन्द्र, संचित निरीक्षक प्रशासन शुभम संचित, बीएसएफ निरीक्षक जब्बरसिंह सहित, अद्र्ध सैनिक बल, सीआरपीएफ के अधिकारी एवं एनसीसी कैडेट्स और स्कूल बच्चे भी शामिल हुए।

 

नई तकनीक से फैल रही देश-विदेश में हिंसा
पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजीव दासोत ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में आज नित नई चुनौतियां सामने आ रही र्हैं। आतंकवादी संगठन और विघटनकारी ताकतें आज विश्व में नई तकनीक का दुरुपयोग कर देश-विदेश में बड़े पैमाने पर हिंसा फैलाने में लगे हैं। इनका सामना करने के लिए प्रत्येक पुलिस अधिकारी के लिए अपने कार्य में व्यावसायिक दक्षता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में आधारभूत प्रशिक्षण का नवीन पाठ्यक्रम पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी किया गया है। इसमें नए कानून, नई तकनीक और पुलिस के व्यावहारिक पक्ष को शामिल किया गया है। आने वाले समय के लिए भी प्रशिक्षण संस्थान के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकगणों को अभी से तैयार रहना होगा। इन्हें किया सम्मानित

आरपीटीसी जोधपुर के हैड कांस्टेबल भरतसिंह को ऑल राउंडर, बीकानेर पीटीएस के हैड कांस्टेबल नेतराम को वेपन, पीटीएस अलवर हैड कांस्टेबल लख्मीचंद को ड्रिल एवं पीटीएस अलवर के कांस्टेबल अक्षय कुमार पीटी श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पुरस्कृत किया गया। परेड में शामिल प्रशिक्षकों को नकद पुरस्कार और प्रशस्त्री पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जवानों ने किया साहसिक प्रदर्शन

 

दीक्षांत समारोह में नव प्रशिक्षकों ने कई साहसिक प्रदर्शन किए। इसमें आग के जलते गोले में निकलना, शारीरिक व्यायाम, योगा और पीटी आदि का प्रदर्शन किया। जवानों का प्रदर्शन देख पांडाल तालियों की आवाज से गूंज उठा।


प्रदेश के ट्रेनिंग सेन्टरों में देंगे प्रशिक्षण

नव प्रशिक्षक ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर बैच संख्या एक की दीक्षांत परेड में शामिल नव प्रशिक्षक अब प्रदेश में संचालित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण देंगे। पीटीएस में तीन सप्ताह का नव प्रशिक्षक प्रशिक्षण कोर्स आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षक पुलिस ट्रेनिंग अकादमी, राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग स्कूल जोधपुर, पीटीएस झालावाड़, पीटीएस किशनगढ़, पीटीएस बीकानेर, पीटीएस भरतपुर और पीटीएस अलवर सहित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण देंगे।