पश्चिम बंगाल में इस साल जुलाई महीने तक मानसून की बेरुखी नजर आई। सामान्य से करीब 30 फीसदी कम बारिश हुई। वर्ष के सबसे अधिक वर्षा वाले महीने में 200 मि.मी. कम मेघ बरसे। 1 जून से 31 जुलाई के बीच अलीपुर में करीब 435.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। अब सारा दारोमदार अगस्त महीने पर है। महीने के पहले दिन भी मेघ मेहरबान नजर आए। कोलकाता और आसपास के जिलों में रात से ही बारिश का दौर देखा गया। दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में शुक्रवार तक भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। मौसम कार्यालय के मुताबिक कोलकाता और इसके आसपास के इलाकों में 31 जुलाई की दोपहर से लगातार बारिश हो रही है।