
कोलकाता के सरकारी अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में पश्चिम बंगाल समेत पूरा देश आक्रोशित नजर आ रहा है। कोलकाता समेत राज्य के कई इलाकों में आधी रात को बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रकट किया। डॉक्टरों और लोगों ने सडक़ पर उतरकर विरोध जताया। कई रास्तों पर देर तक जाम लग गया। राज्य समेत देश भर के डॉक्टरों ने मजबूत समर्थन दिखाते हुए अलग अलग जगहों पर विरोध जारी रखा और पीडि़ता के लिए न्याय की मांग की। नागरिक समाज ने महानगर के कॉलेज स्क्वायर से धर्मतल्ला तक विरोध मार्च निकाला। पीडि़ता के लिए इंसाफ की मांग को लेकर महानगर के हिलैंड पार्क से रुबी तक जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। इस विरोध प्रदर्शन के चलते ईएम बाइपास में साइंस सिटी से गरिया तक ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। कोलकाता के सरकारी अस्पतालों में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों और परिजनों को परेशानी हुई। कई मरीजों को वापस लौटते देखा गया। बुधवार को कोलकाता, गुवाहाटी, हैदराबाद और मुंबई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए। कई शहरों में सेवाएं भी निलंबित हैं क्योंकि डॉक्टर हड़ताल पर हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर लिखा था कि न्याय मिलना चाहिए, सुरक्षा के बिना कोई कर्तव्य नहीं और न्याय में देरी, न्याय न मिलना है। वे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और कानून के मुताबिक सजा देने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारी दुष्कर्म के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।