
जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना, बारिश के बावजूद उमस बरकरार
महानगर समेत पूरे दक्षिण बंगाल में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कोलकाता में बादल छाने के बीच कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का क्रम जारी है। हालांकि बारिश के बावजूद उमस बरकरार है। अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान में जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कोलकाता में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान है। विभाग के अनुसार उमस से लोगों की परेशानी बढ़ेगी। अगले पांच दिनों के दौरान कोलकाता में छिटपुट बारिश होती रहेगी।
यहां संभावना अधिक
दक्षिण बंगाल में मॉनसून के सक्रिय होने के कारण बारिश की संभावना है। मौसम कार्यालय के पूर्वानुमान के मुताबिक वायु में जलवाष्प अधिक होती है और यदि बारिश नहीं हुई तो उमस बनी रहेगी। कोलकाता के साथ हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, बांकुड़ा, झारग्राम और पुरुलिया में बारिश की संभावना अधिक है।
18 जुलाई से बारिश की संभावना बढ़ेगी। मालदह, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में आंधी तूफान की चेतावनी जारी की गई है। जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भी गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश की संभावना है। सोमवार से मौसम बदलने की संभावना है।