बैकुंठपुर। कोरिया झुमका जल महोत्सव के पहले दिन छत्तीसगढ़ की नन्ही परी आरु साहू ने छत्तीसगढिय़ा गीत, भजनों की मनमोहक प्रस्तुति से सबका दिल जीत लिया।
गायिक आरु ने अरपा पैरी… छत्तीसगढिय़ा सबसे बढिय़ा…महतारी, सरगुजिहा माता…, रे रेरा रेरा रेरा… जैसी मधुर गीतों की प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में शाम को छत्तीसगढ़ी कलाकार सुनील मानिकपुरी की मधुर गीत और ओडिसी नृत्यांगना पूर्णाश्री राउत की मनमोहक नृत्यों की प्रस्तुति से समां बांधा। वहीं देर रात तक छत्तीसगढ़ी कलाकार अनुज शर्मा, बॉलीवुड कलाकार विनोद राठौड़ की मनमोहक प्रस्तुति से दर्शक अपनी कुर्सी से चिपके रह गए। मुख्यअतिथि संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव मौजूद रहीं और कार्यक्रम की सविप्रा उपाध्यक्ष गुलाब कमरो ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि महोत्सव में लगाए गए बिहान, विकास प्रदर्शनी के स्टॉल का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान जिपं अध्यक्ष रेणुका सिंह, उपाध्यक्ष वेदांति तिवारी, कलक्टर विनय लंगेह, एसपी त्रिलोक बंसल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक मौजूद थे।
आदर्श कन्या स्कूल की छात्राओं ने दर्शकों का मन मोह लिया
आदर्श कन्या स्कूल बैकुंठपुर की छात्राओं ने पारंपरिक लोक नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं ने खेल लेया…सखी रे खेल लेया… की शानदार प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल के बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।