कोटा. शहर सेहत व पर्यावरण को लेकर कितना जागरूक है, इसका एक नजारा, शनिवार सुबह किशोर सागर तालाब की पाल पर नजर आया। सूर्य की पहली किरण के साथ ही बड़ी संख्या में जागरूक लोग साइकिल के साथ तालाब की पाल पर पहुंचे और फिर रैली में भाग लेकर साइकिल से लम्बी दूरी तय की।
अवसर था, राजस्थान पत्रिका कोटा के 37वें स्थापना दिवस का। इस मौके पर शनिवार को तालाब की पाल से सेहत व पर्यावरण का संदेश देने के लिए साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसमें बच्चे, युवा, बुजुर्ग व महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। शहरवासियों के चेहरे उल्लास व उमंग से सराबोर नजर आ रहे थे। उनके मन में खुद के स्वास्थ्य के साथ लोगों को भी जागरूक करने का भाव था।
दिखाई हरी झंडी
साइकिल रैली को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन ने हरीझंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, नगर विकास न्यास के सचिव राजेश जोशी, कांग्रेस नेता रविन्द्र त्यागी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी साइकिल चलाई। रैली में पांच साल की उम्र के बच्चों से लेकर 65 साल तक के नागरिकों ने उत्साह दिखाया। साइकिल रैली तालाब की पाल से रवाना होकर लक्की बुर्ज, जैन दिवाकर हॉस्पिटल, गीता भवन, ज्वाला तोप, सेवन वण्डर, कोटड़ी चौराहे होते हुए बड़ तिराहे पहुंचकर पुन: तालाब की पाल पर पहुंची।
घर से साइकिल चलाकर पहुंचे जोशी
न्यास सचिव जोशी अपने घर से ही साइकिल चलाकर किशोर सागर की पाल पहुुंचे। उन्होंने कहा, साइकिल रैली से नई पीढ़ी में सकारात्मक संदेश जाएगा। साइकिल चलाना सेहत लिए लाभप्रद है।
कार्यक्रम में इनकी भी रही भागीदारी
रैली में शहर के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, युवा वर्ग और बच्चों ने भागीदारी निभाई। प्रतिभागी अलसुबह पांच बजे से ही साइकिल लेकर तालाब की पाल पर जुटने लगे थे। कोटा मेडिकल कॉलेज के फोरेसिंक मेडिसिन विभाग के डॉ. अशोक मूंदड़ा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश पांडेय ने साइकिल रैली में हिस्सा लिया। लॉयंस क्लब कोटा नॉर्थ चैरिटेबल सोसायटी के अध्यक्ष वरुण रस्सेवट ने भी भागीदारी निभाई।