संत निरंकारी मिशन की ओर से प्रोजेक्ट अमृत के तहत स्वच्छ जल स्वच्छ मन का संदेश देते हुए रविवार को वाहन रैली निकाली और जल स्त्रोतों की साफ-सफाई की।
मीडिया सहायक राजकुमार ने बताया कि गुमानपुरा न्यू कॉलोनी स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन से सुबह 7.30 बजे वाहन रैली को विधायक कल्पना देवी, जोनल इंचार्ज संत बृजराज सिंह यादव, संत सतीश भोसले व भाटिया एण्ड कम्पनी के निदेशक प्रेम भाटिया ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रंगबाड़ी बालाजी मंदिर पहुंची। रैली के दौरान हाथों में प्रदूषण बाहर हो या अंदर दोनों हानिकारक, स्वच्छ जल, स्वच्छ कल, जल बचाओं कल बचाओं का संदेश देती तख्तियां सेवादार हाथों में पकडकऱ जल बचाओं का संदेश देते हुए चल रहे थे। रैली को रवाना करने से पूर्व विधायक कल्पना देवी ने कहा कि सच्चे दिन से की गई सेवा ही सर्व प्रिय है। जल की जितनी आवश्यकता हो उतना ही उपयोग में लेना चाहिए। श्रमदान करना सबसे बड़ी सेवा है। संत निरंकारी मिशन श्रमदान कर हर मानव को सही राह दिखा रहा है।
वाहन रैली के रंगबाड़ी पहुंचने पर कोटा ब्रांच के संयोजक संत मनोहर लाल, विधायक संदीप शर्मा, उप महापौर पवन मीणा, पार्षद ओम गुंजल, मोशन कोचिंग के डिप्टी डायरेक्टर जितेन्द्र चांदवानी ने जल स्त्रोतों में सफाई कर श्रमदान अभियान का शुभारम्भ किया। सेवादारों ने मंदिर परिसर स्थित सभी कुण्डों से गंदगी, फूल माला, पॉलिथीन सहित अन्य कचरे के बाहर निकालकर कुण्डों को चक्काचक कर दिया। संत निरंकारी मंडल के सचिव एवं समाज कल्याण प्रभारी जोगिंद्र सुखीजा ने बताया कि प्रोजेक्ट अमृत के दौरान सुरक्षा के हर वैधानिक मापदंड का उचित रूप से पालन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी सेवादारों एवं आगंतुकों के बैठने, जलपान, पार्किंग, एम्बुलेंस एवं मेडिकल सुविधाओं का उचित प्रबंध किया गया था। उन्होंने बताया कि श्रमदान का कार्यक्रम हर माह विभिन्न स्थानों पर चलाया जाएगा।