
ललितपुर. बीजेपी जिला अध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी और एडीएम अनिल कुमार मिश्रा के बीच डीएम योगेश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में जमीन खरीद फरोख्त पर बात कर रहे थे। बीजेपी जिलाध्यक्ष अपनी पार्टी की बैठक का एजेंडा लेकर डीएम योगेश कुमार शुक्ला से कुछ समस्याओं के बारे में वार्ता कर रहे थे। इसी बीच जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी एडीएम अनिल कुमार मिश्रा पर नाराज हो गए। बातों ही बातों में जिला अध्यक्ष ने सरकार की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए एडीएम अनिल कुमार मिश्रा को खरीखोटी सुनाई। मामला था कि बैंक में केसीसी बनवाने के दौरान बंधक रखी गई जमीन की खरीद-फरोख्त में खरीददार का नाम खारिज नहीं हो रहे और इसी को लेकर जिलाधिकारी से बात चल रही थी। जबकि जिलाधिकारी बीजेपी जिला अध्यक्ष को पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि जो जमीन किसान द्वारा लोन लेने के बाद बैंक में बंधक रखी गई है वह किसी भी दशा में न तो बेची जा सकती है और न ही उसका दाखिल खारिज हो सकता है। इसके बावजूद जिला अध्यक्ष यूपी के अन्य जिलों का हवाला देकर उस जमीन का दाखिल खारिज खरीदार के नाम करवाने का दबाव बना रहे थे। जिसको लेकर उन्होंने एडीएम पर आरोप लगाया कि एडीएम अनिल कुमार मिश्रा किसी भी बंधक जमीन का दाखिल खारिज नहीं होने दे रहे, जिससे सरकार की छवि खराब हो रही है। इसी बात को लेकर जिला अध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी एडीएम और डीएम पर नियम विरुद्ध दाखिल खारिज करवाने का दबाब बना रहे थे जिसे डीएम ने मानने से इनकार कर दिया।