कोटा में किए विरोध प्रदर्शन के बाद अब अब यूथ कांग्रेस ने डीडवाना में आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया भी शामिल हुए। जलापूर्ति, क्षेत्र में की जा रही अघोषित विद्युत कटौती, एनईईटी परीक्षा में धांधली को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं के साथ कलक्ट्रेट में प्रवेश करने का प्रयास किया तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें रोका। विधायक पूनिया सहित लगभग एक दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। जिन्हें पुलिस थाने ले गई। इस दौरान यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनोज भगत जिला कलक्टर कार्यालय के मुख्य दरवाजे के बाहर धरना देकर बैठ गए, वे विधायक और कार्यकर्ताओं को छोडऩे की मांग करने लगे। पूनिया व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कुछ ही देर थाने में रखने के बाद छोड़ दिया। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से देर तक गहमा-गहमी बनी रही। पुलिस की ओर से मनोज भगत सहित धरने पर बैठे यूथ कांग्रेस के लोगों से समझाइश की गई, पुलिस की समझाइश के बाद यूथ कांग्रेस के द्वारा जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा को चार सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा गया।
पूरे देश में यूथ कांग्रेस कर रही प्रदर्शन
यूथ कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा नीट पेपर मामले में 24 लाख विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ, इसके बाद पूरे देश के अंदर यूथ कांग्रेस के द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। राहुल गांधी ने जो संदेश दिया है उसके बाद यूथ कांग्रेस प्रत्येक जिले में अपना प्रदर्शन दर्ज करवा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले छह माह से बनी भजनलाल सरकार का विजन साफ नहीं है।