
नागौर. जलदाय विभाग की ओर से पानी चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान तेज कर दिया है। विभाग की ओर से सोमवार को अवैध जल कनेक्शन से राजपूत कॉलोनी क्षेत्र में खेत की सिंचाई करते पकड़ा। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ जलदाय विभाग ने 2 लाख 95 हजार 130 रुपए की पेनाल्टी लगाते हुए कोतवाली थाने में मामला दर्ज करा दिया गया है।
चोरी के पानी से सींच रहे थे हरियाली पकड़े गए
जलदाय विभाग के अधिकारियों के अनुसार विभाग को सूचना मिली थी कि राजपूत कॉलोनी क्षेत्र में चेनाराम माली की ओर से अवैध जल कनेक्शन के माध्यम से आ रहे पानी से खेत की सिंचाई की जा रही है। सूचना मिलने पर विभाग की ओर से इसकी तस्दीक कराई गई। सूचना सही पाए जाने पर जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता रमेशचंद्र चौधरी ने विशेष टीम का गठन साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। मौके पर जांच के दौरान टीम को खेत की पेयजल के अवैध कनेक्शन के माध्यम से आ रहे पानी से खेत की सिंचाई होते मिली। इस संबंध में चेनाराम से पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उससे जल कनेक्शन के कागजात मांगे तो वह हीलाहवाली करने लगा। प्रारंभिक स्तर पर हुई पड़ताल में पता चला कि वह काफी समय से अवैध जल कनेक्शन से खेत की सिंचाई कर रहा था। इस पर विभाग की ओर से उस पर जुर्माना लगाते हुए उसके खिलाफ प्रकरण कोतवाली थाने में दर्ज कराया गया।
अवैध जल कनेक्शन अभियान में लाखों की वसूली
जलदाय विभाग की ओर से अवैध जल कनेक्शन के खिलाफ चले अभियान में अब तक 9299201 की वसूली हो चुकी है। अभियान में कटने वाले अवैध जल कनेक्शनों की संख्या भी दो हजार का आंकड़ा पार करते हुए 2337 तक पहुंच गई है। टीम की ओर से सोमवार को भी कार्रवाई करते हुए 28 कनेक्शन काटे जाने के साथ ही 456617 का जुर्माना वसूला गया है। अधिकारियों का कहना है कि घरों से टैंकर भराकर अन्यत्र आपूर्ति करने एवं एक घर से अन्य घर में आपूर्ति के लिए टैंकर भरने वालों के खिलाफ भी अवैध मानते हुए कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए विभाग की ओर से निगरानी टीम को लगा रखा है।
इनका कहना है…
अवैध जल कनेक्शन के माध्यम से खेत की सिंचाई करते पकड़े जाने पर प्रकरण दर्ज कराया है। विभाग की ओर से दो लाख 95 हजार 130 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
रमेशचंद्र चौधरी, अधिशासी अभियंता, जलदाय विभाग नागौर