
नागौर. नागौर. गर्मी में नहरी बंदी की स्थिति में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के संदर्भ में जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचंद्र राड ने गुरुवार को नागौर में बैठक ली। बैठक में नागौर, खींवसर, मूंडवा, मेड़ता, डेगाना एवं जायल में नोखा दैया से नहरी पानी की आपूर्ति पर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त मुख्य अभियंता राड ने बैठक में अधिशासी अभियंताओं को गर्मी के लिए कंटीजेंसी योजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध जल कनेक्शन के खिलाफ अभियान तेजी से चलाया जाना चाहिए। इसकी वह खुद वह यथासमय समीक्षा करते रहेंगे। उन्होंने जिले में उपलब्ध नलकूप एवं हैंडपम्पों के स्थिति की जानकारी ली, और मरम्मत योग्य को जल्द ही दुरुस्त कराने के लिए कहा। इस दौरान नागौर नगर परिषद एवं नगर पालिका क्षेत्र में स्वीकृत कॉलोनियों में डेवलपर की मांग पर सिंगल पॉइंट कनेक्शन देने पर भी चर्चा करने के साथ ही कॉन्ट्रेक्ट कम्लीशन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विभाग के 15 साल पुराने वाहनों के बारे मे भी रिपोर्ट बनाकर भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान नागौर के अधीक्षण अभियंता श्योजीराम, प्राजेक्ट अधीक्षण अभियंता पी एस तंवर, पीआईयू प्रथम भरत लाल मीणा, अधिशाषी अभियंता रमेश चंद चौधरी व नोखा दैया के अधिशाषी अभियंता सुनील कुमार आदि मौजूद थे।