नागौर. बकाया जमा करने को लेकर डिस्कॉम एवं नगरपरिषद एक बार फिर से आमने-सामने हो गए हैं। डिस्कॉम का तीन साल का लगभग 300 लाख से ज्यादा की राशि नगरपरिषद पर स्ट्रीट लाइट के पेटे बकाया है। अब डिस्कॉम ने बुधवार को जारी अंतिम सूचना पत्र में नगरपरिषद को चेताया गया है कि यदि 15 दिनों में बकाया राशि जमा नहीं की गई तो फिर डिस्कॉम की ओर से बिना किसी सूचना के स्ट्रीट के कनेक्शन विच्छेद किए जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
300 लाख पार पहुंचा बकाया राशि का आंकड़ा
डिस्कॉम की ओर से नगरपरिषद पर स्ट्रीट लाइट के पेटे बकाया वसूली के लिए कवायद तेज कर दी गई है। नगरपरिषद पर स्ट्रीट लाइट के पेटे वर्ष 2023 से लेकर वर्ष 2024-25 सत्र का कुल बकाया 361.47 लाख पहुंच गया है। डिस्कॉम के अधिकारियों का कहना है कि नगरपरिषद के अधिकारियों को इसी वर्ष अब तक आधा दर्जन बार लिखित रूप से सूचित कर बकाया राशि जमा किए जाने का अनुरोध किया गया। इसके बाद भी नगरपरिषद के अधिकारियों ने बकाया जमा कराने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। अब तक जनहित को ध्यान में रखते हुए नगरपरिषद को तरजीह दी जा रही थी, लेकिन इसके चलते बकाया राशि अब बढ़ती चली जा रही है। कई बार समझाने के बाद भी नगरपरिषद की ओर से डिस्कॉम को बकाया भुगतान करने के प्रति कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई गई। अब इसकी वजह से मुख्यालय की ओर से भी संबंधित अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के संकेत हैं। ऐसे में परिषद ने इस बार भी दिए गए 15 दिनों में बकाया राशि जमा नहीं किया तो इसकी जिम्मेदारी खुद नगरपरिषद की होगी।
स्ट्रीट लाइट व्यय राशि पर एक नजर
डिस्कॉम के अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2022-23 का स्ट्रीट लाइट के पेटे हुआ बकाया 103.41 लाख, वर्ष 2023-024 का बकाया 1 करोड़ 10 लाख व वर्ष 2024-025 का बकाया डेढ़ करोड़ के लगभग है।
इस साल अब तक इतनी बार दिया सूचनात्र
डिस्कॉम की ओर से नगरपरिषद को बकाया ब्योरा के संदर्भ में इसी वर्ष 24 मई, 24 जून, 18 जुलाई, 21 अगस्त, 25 सितंबर, 26 अक्टूबर, 28 अक्टूबर को लिखित रूप से अवगत कराया गया था। इसके बाद भी नगरपरिषद की ओर से बकाया राशि का एक प्रतिशत हिस्सा भी अब तक डिस्कॉम को जमा नहीं कराया जा सका।
नगरपरिषद करा रहा जांच
डिस्कॉम की ओर से अंतिम चेतावनी पत्र मिलने के पश्चात नगरपरिषद की ओर से पंद्रह दिनों के अंदर बकाया स्थिति की जांच करा रहा है। नगरपरिषद के अधिकारियों का कहना है कि स्ट्रीट लाईट पेटे के व्यय हुए वास्तविक राशि का मूल्यांकन होने के बाद ही सही वस्तुस्थिति सामने आ पाएगी। इसके साथ ही नगरपरिषद की ओर से नगरीय विकास कर की स्थिति का भी आंकलन किया जाएगा। नगरीय विकास कर व बिजली बिल के पेटे जमा होने वाली शेष राशि मिलाकर भुगतान के प्रकरण का निस्तारण किया जाएगा।
आयुक्त से की मुलाकात, दी जानकारी
डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता सुल्तान सिंह राठौड़ एवं सहायक अभियंता तरुण कुमार खत्री ने बुधवार को नगरपरिषद के आयुक्त रामरतन चौधरी से मुुलाकात की। मुलाकत कर उनको बकाया स्थिति की जानकारी देते हुए मामले की गंभीरता से अवगत कराया। इस पर आयुक्त चौधरी ने तथ्यात्मक रूप से स्थिति का मूल्यांकन कर प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण करने के लिए आश्वस्त किया।
इनका कहना है…
स्ट्रीट लाईट के पेटे हुए व्यय राशि के लिए प्रावधान के अनुसार समुचित कदम उठाए जाएंगे। इस संबंध में डिस्कॉम के अधिकारियों से बुधवार को चर्चा भी हुई।
रामरतन चौधरी, आयुक्त नगरपरिषद नागौर
नगरपरिषद को अंतिम सूचना पत्र दिया गया है। इसके माध्यम से बताया गया है कि 15 दिनों में बकाया राशि जमा कर दें, नहीं तो फिर स्ट्रीट लाईट कनेक्शन विच्छेद करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
तरुण कुमार खत्री, सहायक अभियंता, अजमेर विद्युत वितरण निगम-नागौर