
नागौर. स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में 12 जनवरी को निकलने वाले द्विधारा पथ संचलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। पंथ संचलन कांकरिया विद्यालय से निकलेगा। बताया जाता है कि इसमें करीब पांच हजार स्वयंसेवक रहेंगे। द्विधारा यानि की दोनों में अलग-अलग ढाई-ढाई हजार स्वंय सेवक रहेंगे। इसके लिए विभिन्न जगहों पर स्वामी विवेकानंद एवं हेडगेवार द्वार लगाए जा रहे हैं। कई जगहों पर भगवा झण्डियों के साथ ही पूरे रास्तों को भी भगवा रंग के कपड़ों से सजाया गया है। इसको लेकर शारीरिक प्रदर्शन के तहत नियुद्ध करने वाले स्वयंसेवकों द्वारा सेठ किशन लाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नियुद्ध का सामहिक अभ्यास किया गया। इस अभ्यास के तहत नियुद्ध के मुष्ठी पाद प्रहार प्रयोग, भूमि वंदन, संयुक्त प्रयोग, मुष्टि प्रहार चतुर्थ, प्रहार चतुष्क प्रकार दो सहित अनेक प्रयोग का अभ्यास किया गया। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ही अलग से स्वयंसेवकों की ओर से संपर्क किया गया।
इन क्षेत्रों में किया जनसंपर्क
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शाखा की ओर से कांकरिया स्कूल से नकास दरवाजा तक, नकास दरवाजा से शिवबाड़ी तक महालक्ष्मी बस्ती के स्वयंसेवकों द्वारा संपर्क किया गया। इसी प्रकार शिव बाड़ी से गांधी चौक तक के दोनों और के मार्ग में व्यवसायियों से भारत विकास परिषद के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, सचिव श्रीचरण प्रकाश डागा के नेतृत्व में सदस्यों ने संपर्क किया। संपर्क अभियान के तहत गांधी चौक से दिल्ली दरवाजा के नागरिकों व व्यवसायियों से रामदेव बस्ती के स्वयंसेवकों ने जनसंपर्क किया। दिल्ली दरवाजा से सैनिक क्षत्रिय माली समाज परिसर तक सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क किया गया। संचलन की दूसरी वाहिनी के मार्ग व शहर के आंतरिक भागों में संपर्क की दृष्टि से कांकरिया स्कूल से बंशी वाला मंदिर तक विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क किया। बंशीवाला से दांती बाजार तक विद्या भारती संगठन व दांति बाजार से गांधी चौक तक विभिन्न बस्ती के स्वयंसेवकों ने संपर्क किया।
पथ संचलन का यह रहेगा मार्ग
दिधारा पथ संचलन में भक्ति धारा का पथ संचलन मार्ग रेलवे स्टेशन, श्रीराम चौराहा, नकाशगेट, रामपोल तिराहा, ब्रह्मपुरी, किले की ढाल से होता हो हुआ गांधी चौक पहुंचेगा।इसी तरह शक्ति धारा का पथ संचलन मार्ग अहिंसा सर्किल, नया दरवाजा, लोहियो का चौक, तुलसी चौक, काठडिय़ा चौक, मच्छियों का चौक त्रिपोलिया होता हुआ गांधी चौक पहुंचेगा। 3 बजकर 33 मिनट पर गांधी चौक में दोनो धाराओं का संगम होगा। यहां से फिर एक साथ पथ संचलन करते हुए दिल्ली दरवाजा, विजयबल्लभ चौराहा होता हुआ सैनिक क्षत्रिय माली समाज पहुंचेगा।