नागौर. चना एवं समर्थन मूल्य पर खरीद अब काश्तकारों से 15 अप्रेल को की जाएगी। हालांकि गत 10 अप्रेल से यह खरीद होनी थी, लेकिन सार्वजनिक अवकाशों के चलते खरीद तिथि खुद-ब-खुद आगे बढ़ गई। हालांकि नागौर एवं डीडवाना-कुचामन जिले में कुल मिलाकर 8713 किसानों से खरीद होनी है। विभाग की ओर से खरीद के लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। नागौर जिले में चना एवं सरसों के मिलाकर 3 लाख से ज्यादा बेग्स एवं डीडवाना-कुचामन जिले में दो लाख से ज्यादा चना-सरसों के बेग्स के खरीद होने की संभावना है।
क्रय विक्रय सहकारी समिति के अधिकारियों के अनुसार समर्थन मूल्य पर 15 अप्रेल से खरीद किए जाने के लिए उनकी ओर से तैयारियां पूरी हो चुकी है। पंजीयन में शामिल किसानों के टोकन उनको तय समय पर आवंटित कर दिए जाएंगे। इसके लिए नागौर में 12 एवं डीडवाना-कुचामन जिले में 5 केन्द्रों पर खरीद की जानी है। इसमें नागौर जिले में चना एवं सरसों बेचान करने के लिए अब तक 4698 किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें चना में 1865 एवं सरसों में 2833 किसान पंजीयन करा चुके हैं। इसी तरह डीडवाना-कुचामन जिले में कुल 4015 किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें सरसों का 1875 एवं चना का बेचान करने के लिए 2140 किसानों ने पंजीयन कराया है। अधिकारियों का कहना है कि पंजीयन में शामिल किसानों को इसके प्रावधानों की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है। तिथि आवंटन के 10 दिन की अवधि तक टोकनधारी काश्तकार अपनी उपज का बेचान कर सकता है। खरीद भी किसानों के निकटवर्ती संबंधित केन्द्रों के माध्यम से ही जाएगी। कुछ किसानों की ओर खरीद केन्द्र का निर्धारण होने के बाद अपने केन्द्र बदलने का मुद्दा उठाया गया था, लेकिन केन्द्र किसी भी सूरत में नहीं बदले जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि डीडवाना-कुचामन जिले में चना के एक लाख 71 हजार 200 बेग्स, सरसों के एक लाख 50 हजार बेग्स खरीद होने की संभावना है। इसी तरह नागौर जिले चना के एक लाख 49 हजार 200 बेग्स एवं सरसों के दो लाख 26640 बेग्स खरीद की संभावना है।
इनका कहना है…
नागौर एवं डीडवाना-कुचामन जिले में 15 अप्रेल से समर्थन मूल्य पर चना एवं सरसों की खरीद होगी। दोनो जिलों में कुल मिलाकर चार लाख से ज्यादा सरसों व चना बेग्स खरीदे जाने का अनुमान है। सही वस्तुस्थिति तो खरीद प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही सामने आएगी।
गंगाराम गोदारा, उपजिला रजिस्ट्रार सहकारी समितियां नागौर